-एयरोड्रोम लाइसेंस मिलने के बाद अंतिम चरण में उड़ान संचालन की तैयारियां
-इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया से उड़ानों को लेकर चल रही बातचीत
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द ही उड़ान सेवाएं शुरू होने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। एयरपोर्ट से टिकट बुकिंग सेवा भी जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट संचालन कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) की ओर से प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया से बातचीत चल रही है।
सोमवार को राज्यसभा में यह जानकारी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने दी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट को एयरोड्रोम लाइसेंस मिल चुका है और अब बाकी सभी औपचारिकताएं अगले 45 दिनों में पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद एयरलाइंस कंपनियों से फ्लाइट शेड्यूल प्राप्त होते ही टिकट बुकिंग सेवा शुरू कर दी जाएगी। राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र नागर ने सदन में एयरपोर्ट से पहली उड़ान शुरू होने की स्थिति को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी भी एयरपोर्ट से उड़ान संचालन के लिए सबसे जरूरी एयरोड्रोम लाइसेंस होता है, जो अब इस एयरपोर्ट को मिल चुका है।

यह लाइसेंस नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने छह मार्च को जारी किया था। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इसका शुभारंभ नरेंद्र मोदी के हाथों प्रस्तावित है। राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री को औपचारिक निमंत्रण भेजा जा चुका है। प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मिलने के बाद उद्घाटन की तिथि घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का उद्घाटन कार्यक्रम ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।
सोमवार को डीजीसीए ने औपचारिक रूप से एयरोड्रोम लाइसेंस नायल-यापल को सौंप दिया। इस दौरान नायल की ओर से सीईओ आर.के. सिंह और नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया तथा यापल की ओर से सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने दिल्ली पहुंचकर लाइसेंस प्राप्त किया। नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि एयरोड्रोम लाइसेंस एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 के रूल-78 के तहत जारी किया गया है। यह एयरपोर्ट संचालन के लिए अंतिम और महत्वपूर्ण आधिकारिक दस्तावेज होता है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से उड़ान संचालन शुरू करने की दिशा में अब अंतिम तैयारियां की जा रही हैं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



