Image Slider

  • मधुबन-बापूधाम योजना समेत कई परियोजनाओं को जल्द मिलेगी रफ्तार, 4-5 महीने में लॉन्च होगा पहला फेज
  • आठ प्रमुख चौराहे होंगे सिग्नल फ्री, एलिवेटेड रोड पर बनेंगे नए स्लिप रोड
  • वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 3,496 करोड़ आय और 3,287 करोड़ व्यय का बजट लक्ष्य

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के सुनियोजित विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं से लैस नई परियोजनाओं के साथ गाजियाबाद का स्वरूप आने वाले वर्षों में काफी बदलने जा रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहर के समग्र विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर ली है। इनमें हरनंदीपुरम आवासीय योजना, एयरोसिटी थीम पर नई टाउनशिप, मधुबन-बापूधाम योजना का विस्तार, प्रमुख चौराहों को सिग्नल फ्री बनाना और आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास प्रमुख हैं। सोमवार को मधुबन-बापूधाम योजना स्थित बुनकर मार्ट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने इन योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले समय में गाजियाबाद को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरनंदीपुरम योजना का पहला चरण अगले चार से पांच वर्षों में शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ ही राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी थीम पर आधुनिक टाउनशिप बसाने की योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जीडीए ने 3496 करोड़ रुपए की आय और लगभग 3287 करोड़ रुपए के व्यय का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस बजट के माध्यम से शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और नई आवासीय योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नंद किशोर कलाल ने कहा कि शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। एलिवेटेड रोड से दिल्ली और वसुंधरा की ओर जाने के लिए नए स्लिप रोड बनाए जाएंगे। इन स्लिप रोड के निर्माण से सिद्धार्थ विहार क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को दिल्ली और मेरठ आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में इस क्षेत्र के लोगों को राजनगर एक्सटेंशन या मेरठ रोड के रास्ते से ही आवागमन करना पड़ता है, जिससे अक्सर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित परियोजना के तहत हिंडन नदी के पास से स्लिप रोड के माध्यम से सिद्धार्थ विहार को एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा, जबकि कनावनी पुलिया के पास से वसुंधरा को दिल्ली की ओर कनेक्टिविटी दी जाएगी। इस परियोजना के लिए शासन से लगभग 100 करोड़ रुपए की धनराशि मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में मंगलवार को शासन स्तर पर जीडीए की ओर से प्रस्तुतीकरण भी दिया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में पांच से अधिक जोनल सड़कों के निर्माण कार्य को भी तेज कर दिया गया है। संभावना है कि मार्च से जून 2026 के बीच कई प्रमुख सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगी। इसके अलावा हापुड़ चुंगी से डायमंड कट तक नया फ्लाईओवर बनाने की योजना भी तैयार की गई है, जिससे शहर के यातायात दबाव को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। शहर की सुंदरता और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख चौराहों और गोल चक्करों का ग्रीनलैंड थीम पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

इसके तहत पहले चरण में पांच गोल चक्करों का पुनर्विकास किया जाएगा। सेठ मुकंदलाल चौराहा और डायमंड कट चौराहे को सिग्नल फ्री बनाने की योजना है। इससे वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और जाम की समस्या कम होगी। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि मोरटी क्षेत्र में लगभग 450 करोड़ रुपए की लागत से 55 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। यह स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा और इससे गाजियाबाद को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही एयरोसिटी नाम से एक आधुनिक टाउनशिप भी बसाई जाएगी, जिसमें उच्च स्तरीय आवासीय परिसर, वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स, होटल, हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र, रिटेल एवं शॉपिंग जोन, खेल अकादमी, संस्थागत क्षेत्र और बहुस्तरीय पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली भी लागू की जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रहे। शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में थीम आधारित पार्क विकसित किए जा रहे हैं। कोयल एन्क्लेव में रामायण पार्क, इंदिरापुरम में संस्कृति दर्शन पार्क, राजेंद्रनगर में डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क और मधुबन-बापूधाम योजना में विकसित भारत पार्क बनाया जा रहा है। इन पार्कों के माध्यम से शहरवासियों को हरियाली और स्वच्छ वातावरण का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त सिटी फॉरेस्ट को भी लगभग 55 करोड़ रुपए की लागत से नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है।

यहां डायनासोर पार्क, फिशिंग जोन, हॉर्स राइडिंग और जंगल स्टे जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह क्षेत्र शहरवासियों के लिए एक प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थल बन सके। हरनंदीपुरम आवासीय योजना के बारे में जानकारी देते हुए जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि इस योजना के लिए किसानों की सहमति से अब तक लगभग 79 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। इसके अलावा 130 हेक्टेयर भूमि के लिए भी किसानों की सहमति प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही इसे भी अधिग्रहित किया जाएगा। इस योजना का लेआउट आगामी बोर्ड बैठक में पास कराया जाएगा। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत इस परियोजना के लिए लगभग 400 करोड़ रुपए की धनराशि प्राप्त हो चुकी है और अब तक लगभग 440 करोड़ रुपए खर्च भी किए जा चुके हैं। हरनंदीपुरम योजना का कुल प्रस्तावित बजट लगभग 2384 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। डीपीएस सिद्धार्थ विहार चौराहे से लीलावती चौराहे तक के मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके मध्य लगभग 800 मीटर लंबे हिस्से को विशेष रूप से आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। मधुबन-बापूधाम योजना में स्थित राउंडअबाउट का सौंदर्यीकरण, बुनकर मार्ट चौराहे पर रोटरी का निर्माण, रिवर हाईट्स चौराहे का सुदृढ़ीकरण, होली चाइल्ड चौराहा नेहरूनगर का सौंदर्यीकरण और हापुड़ रोड तिराहे को भी बेहतर स्वरूप दिया जाएगा। इसके अलावा मधुबन-बापूधाम योजना तक पहुंचने के लिए हापुड़ रोड पुलिस लाइन के सामने से एनडीआरएफ रोड का निर्माण लगभग 9.19 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। वहीं गोविंदपुरम से बुनकर मार्ट तक 30 मीटर चौड़ी सड़क के सौंदर्यीकरण का कार्य भी लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से कराया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद गाजियाबाद का विकास नई दिशा में आगे बढ़ेगा और शहर आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक सुव्यवस्थित महानगर के रूप में उभरेगा।

गाजियाबाद में प्रस्तावित प्रमुख विकास कार्य
• हरनंदीपुरम आवासीय योजना का पहला चरण जल्द लॉन्च होगा
• राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी थीम पर आधुनिक टाउनशिप
• मोरटी में 450 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
• एलिवेटेड रोड से दिल्ली और वसुंधरा के लिए नए स्लिप रोड
• शहर के कई प्रमुख चौराहों को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा
• ग्रीनलैंड थीम पर गोल चक्करों का सौंदर्यीकरण
• रामायण पार्क, संस्कृति दर्शन पार्क और विकसित भारत पार्क का निर्माण
• सिटी फॉरेस्ट को 55 करोड़ रुपए से नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||