Image Slider

-पुरुष कर्मचारियों को सफारी सूट और महिला कर्मचारियों को सूट प्रदान किए गए
-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कर्मचारियों से बातचीत कर जाना हालचाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सम्मान और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने एक सराहनीय पहल की। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 178 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वर्दी भेंट की गई। इस अवसर पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने कर्मचारियों को वर्दी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। नगर निगम प्रशासन की ओर से पुरुष कर्मचारियों के लिए सफारी सूट तथा महिला कर्मचारियों के लिए सूट की व्यवस्था की गई। वर्दी प्राप्त कर कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को सम्मान देना और उनके कार्यस्थलों को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने उपस्थित कर्मचारियों से बातचीत की और उनके परिवारजनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्यस्थल की परिस्थितियों और सुविधाओं के बारे में भी चर्चा की। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के कार्यस्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि वे अपने कार्य को बेहतर ढंग से कर सकें। इस अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनुराग नागर, उपाध्यक्ष मयूर गिरधर, महामंत्री महेंद्र और उपमंत्री भीम सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम कर्मचारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनुराग नागर ने कहा कि वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था में कर्मचारियों को समय से वेतन मिल रहा है और उनके कार्यस्थलों को भी बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह की पहल कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नगर निगम प्रशासन द्वारा दी गई वर्दी नगर निगम के पांचों जोन और मुख्यालय में कार्यरत स्थायी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को प्रदान की गई। इनमें अनुचर और गैंगमैन जैसे कर्मचारी शामिल हैं, जो नगर निगम के विभिन्न कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि इस प्रकार के कदम कर्मचारियों को सम्मान का अनुभव कराते हैं और उन्हें अपने कार्य के प्रति और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। नगर निगम प्रशासन की इस पहल को कर्मचारियों और कर्मचारी संघ ने सराहनीय बताया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||