Pratapgarh Aisha Murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में रिश्तों का कत्ल कर देने वाली वारदात सामने आई है. 5 साल की मासूम आयशा की उसके पिता नियाजुद्दीन और सौतेली मां साबिया ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस खुलासे के मुताबिक, सौतेली मां को डर था कि आयशा के बहाने उसकी पहली पत्नी वापस घर आ सकती है. इसी ईर्ष्या में मासूम का मुंह दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
सौतेली मां और पिता ने की 5 साल की मासूम की हत्या
साजिश के तहत घर लाया था पिता
पुलिस जांच में सामने आया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के दहिलामऊ निवासी आसमा बानो की पुत्री आयशा को उसका पिता नियाजुद्दीन करीब 10-12 दिन पहले अपने साथ मांधाता कोतवाली के शोभीपुर गांव ले गया था. उसने बच्ची की मां से बहाना बनाया था कि वह आयशा को उसके दादा-दादी से मिलाने ले जा रहा है. लेकिन पिता के मन में कुछ और ही काला मनसूबा चल रहा था.
सौतन के वापस आने का डर बनी हत्या की वजह
पूछताछ के दौरान हत्या की जो वजह सामने आई, वह हैरान करने वाली है. आरोपी सौतेली मां साबिया को यह डर सता रहा था कि यदि पहली पत्नी की बेटी घर में रहेगी, तो उसका पति (नियाजुद्दीन) भविष्य में अपनी पहली पत्नी को भी वापस घर ला सकता है. इसी असुरक्षा और ईर्ष्या की भावना में जलकर साबिया ने मासूम आयशा को रास्ते से हटाने की साजिश रची, जिसमें नियाजुद्दीन ने भी उसका पूरा साथ दिया.
दम घुटने से हुई मौत, छत पर मिला था शव
दो दिन पहले मांधाता के शोभीपुर गांव में आयशा का शव घर की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया. रिपोर्ट के अनुसार, आयशा की मौत मुंह और नाक दबाने की वजह से दम घुटने के कारण हुई थी. पकड़े जाने पर सौतेली मां ने कबूल किया कि उसने गुस्से में बच्ची का दुपट्टा हटाकर अपने हाथों से उसका मुंह और नाक इतनी जोर से दबाया कि उसकी सांसें थम गईं.
जुर्म छुपाने के लिए रचा ‘खोजने’ का नाटक
हत्या को अंजाम देने के बाद साबिया ने बेहद शातिराना तरीके से शव को छत पर लिटा दिया ताकि वह सामान्य मौत लगे. इसके बाद वह खुद ही बच्ची को खोजने का नाटक करने लगी और शोर मचाया. हालांकि, मृतका की सगी मां आसमा बानो ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हत्या की आशंका जताई और पति व उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई.
सौतली मां और पिता को पुलिस ने किया अरेस्ट
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) शैलेंद्र लाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों के आधार पर कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को परसरामपुर स्थित मदरसे के पास से गिरफ्तार कर लिया. पिता नियाजुद्दीन को इस पूरी साजिश की जानकारी थी और उसने वारदात से पहले पत्नी को हत्या का तरीका भी समझाया था. फिलहाल दोनों सलाखों के पीछे हैं और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



