Image Slider

नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू अपनी बेबाकी के लिए मशहूर हैं, लेकिन इंडस्ट्री में यही खूबी उनके लिए मुसीबत बन जाती है. हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि हीरो की मर्जी और गलत अफवाहों के कारण उन्हें कई फिल्मों से हाथ धोना पड़ा. तापसी के मुताबिक, अक्सर फिल्मों में हीरो ही तय करते हैं कि उनके साथ कौन काम करेगा. साथ ही, उनके बारे में यह अफवाह फैलाई गई कि उनके साथ काम करना मुश्किल है, जबकि जिन डायरेक्टर्स ने उनके साथ काम किया, वे उन्हें बार-बार रिपीट करते हैं.

हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में तापसी पन्नू ने कहा, ‘सच कहूं तो मुझे ये बातें सीधे तौर पर कभी पता नहीं चलीं. हो सकता है कि ऐसा हुआ हो, लेकिन ये चीजें आप तक पहुंचने ही नहीं दी जातीं. बस कोई कह देता है कि नहीं, मुझे उसके साथ काम नहीं करना और बात वहीं खत्म हो जाती है. मुझे बस इतना सुनने को मिलता है कि कभी-कभी हीरो नहीं चाहता कि आप उस फिल्म का हिस्सा बनें. यह एक ऐसी सच्चाई है जिसे हर कोई जानता है. ऐसी फिल्में जिनमें हीरो और हीरोइन दोनों हों, वहां अक्सर हीरो ही तय करता है कि कौन फिल्म में होगा, जब तक कि फिल्म का डायरेक्टर खुद कोई बहुत बड़ा स्टार न हो.’

शाहरुख खान संग नहीं रही रेगुलर ऑनस्क्रीन जोड़ी

तापसी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘कुछ डायरेक्टर्स खुद में ही बड़े स्टार होते हैं और जब वे किसी को फिल्म में लेने की ठान लेते हैं, तो फिर उनकी बात ही आखिरी होती है. जैसे राजू सर (राजकुमार हिरानी) का ही उदाहरण ले लीजिए, जब उन्होंने तय कर लिया कि डंकी में मैं ही रहूंगी, तो मैं उस फिल्म का हिस्सा बनी. यह बहुत से लोगों के लिए एक बड़ा झटका था क्योंकि मैं उन कमर्शियल फिल्मों के दायरे में फिट नहीं बैठती और न ही शाहरुख सर के साथ मेरी कोई रेगुलर ऑनस्क्रीन जोड़ी रही है. मुझे लगता है कि कई लोग इस कास्टिंग को देखकर हैरान थे, लेकिन यह सिर्फ इसलिए मुमकिन हो पाया क्योंकि डायरेक्टर मुझे लेकर पूरी तरह कॉन्फिडेंट थे.’

हीरोइन के लिए हीरो ही लेता है ज्यादातर फैसला

तापसी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘इंडस्ट्री का तरीका कुछ ऐसा ही है, ज्यादातर फैसले हीरो ही लेता है. कभी-कभी सुनने में आता है कि मेरे साथ काम करना काफी मुश्किल है, लेकिन मुझे समझ नहीं आता कि यह बात आती कहां से है. अगर कोई भी मेरी फिल्मों की लिस्ट देखे, तो साफ पता चल जाएगा कि जिन निर्देशकों ने मेरे साथ एक बार काम किया, उन्होंने मुझे बार-बार अपनी फिल्मों में लिया है. अब भला कोई ऐसे इंसान को बार-बार क्यों साइन करेगा, जो सेट पर मुश्किलें खड़ी करता हो?’

तापसी पन्नू को अपने काम पर पूरा भरोसा

उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘जाहिर है, ऐसी बातें वही लोग करते हैं जिन्होंने मेरे साथ कभी काम नहीं किया है, क्योंकि वे मुझे जानते ही नहीं. मैं बहुत ज्यादा सोशल भी नहीं हूं, इसलिए बाहर जाकर हर किसी को यह नहीं दिखा सकती कि मैं असल जिंदगी में कैसी हूं. मैं बस अपने काम को बोलने देती हूं. यह रास्ता थोड़ा कठिन जरूर है, लेकिन मुझे लगता है कि मानसिक शांति के लिए यही सबसे सही है.’

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||