Image Slider

पाल्लेकल: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का पांचवां सुपर-8 मैच इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच होगा. दोनों टीमें इस मुकाबले के लिए पाल्लेकल के मैदान पर उतरेगी. इसी मैदान पर पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच बारिश के कारण धुल गया था, जिसकी वजह से उसे सिर्फ एक अंक लेकर संतुष्ट होना पड़ा. वहीं इंग्लैंड ने अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका को हराकर सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी को मजबूत कर लिया है. ऐसे में पाकिस्तान के लिए इंग्लैंड की चुनौती बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाली है. क्योंकि अगर पाकिस्तान यहां हारती है तो फिर सेमीफाइनल में पहुंचने का उसका सपना टूट जाएगा.

हालांकि, इंग्लैंड की टीम भी अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी है, लेकिन दो बार की चैम्पियन टीम जीत की राह पर लौटी है. सुपर आठ चरण के पहले मैच में श्रीलंका को 51 रन से हराया जिससे उसका नेट रनरेट भी बेहतर हुआ है और वह तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है. श्रीलंका के खिलाफ कम स्कोर का बचाव करते हुए इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने हालात के अनुरूप खेला. उसके स्पिनरों ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया जबकि तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी उपयोगी रहे.

फॉर्म में लौट चुके हैं आदिल रशीद

लेग स्पिनर आदिल रशीद और बायें हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन को भी विकेट मिले. विल जैक्स ने अच्छी आफ स्पिन गेंदबाजी के अलावा जरूरत पड़ने पर उपयोगी पारियां भी खेली है और कई बार इंग्लैंड को संकट से निकाला. सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट श्रीलंका के खिलाफ उम्दा पारी खेलकर फॉर्म में लौटे हैं. टूर्नामेंट में पहली बार उन्होंने पावरप्ले के बाद तक बल्लेबाजी की.

जोस बटलर का फॉर्म चिंता का सबब बना हुआ है लेकिन उन्हें कप्तान हैरी ब्रूक का समर्थन हासिल है. इंग्लैंड ने इस महीने की शुरूआत में इस मैदान पर तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से जीती थी. ब्रूक ने श्रीलंका को हराने के बाद कहा ,‘‘ अभी तक हम बल्लेबाजी में परफेक्ट खेल नहीं दिखा सके हैं. हमें अच्छी शुरूआत और बड़े स्कोर नहीं मिले. मुझे लगता है कि बहुत जल्दी वह होगा. जोस बटलर, जैकब बेथेल और मैं खुद बड़े स्कोर नहीं बना सके हैं लेकिन इसके बावजूद हम जीतने में कामयाब रहे.’’

पाकिस्तान के लिए है करो या मरो का मैच

दूसरी ओर पाकिस्तान का न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला सुपर आठ मैच बारिश में धुल गया जिससे अब उसे दोनों मैच जीतने होंगे. उसके पास उस्मान तारिक, सईम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे अच्छे स्पिनर हैं. बल्लेबाजी हालांकि चिंता का सबब है, खासकर अच्छे स्पिनरों के खिलाफ वे टिक नहीं पा रहे.

टीमें :

इंग्लैंड : हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बेंटोन, जोस बटलर, बेन डकेट, फिल साल्ट, जैकब बेथेल, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, जैमी ओवरटन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोश टंग, ल्यूक वुड

पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.

समय: मैच शाम 7 बजे शुरू होगा.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||