-कौशांबी, इंदिरापुरम और साहिबाबाद पुलिस ने बरामद किए सबसे अधिक मोबाइल
-हरियाणा, पंजाब, राजस्थान से बिहार-झारखंड तक चला पुलिस का खोज अभियान
-डीसीपी ऋजुल के निर्देशन में साइबर और सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से खोजे फोन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। धनतेरस के मौके पर गाजियाबाद पुलिस ने शुक्रवार को 321 लोगों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी उन्हें लंबे समय से उम्मीद थी। चोरी, लूट, झपटमारी और गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने से लोगों के चेहरे खिल उठे। ट्रांस हिंडन जोन पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल 321 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 70 से 75 लाख रुपये बताई गई है। डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल के निर्देशन में सभी थानों की पुलिस, साइबर और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। डीसीपी ऋजुल ने बताया कि मोबाइल चोरी, झपटमारी और गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रांस हिंडन जोन में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना प्रभारियों और साइबर-सर्विलांस टीम को मोबाइल फोन बरामद करने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को आधार बनाकर जांच शुरू की। इसके बाद सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से मोबाइल फोन की तलाश की गई। डीसीपी ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। मोबाइल फोन के इस्तेमाल और उनकी लोकेशन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई। अलग-अलग स्थानों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन बरामद किए। यह अभियान केवल गाजियाबाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों में भी मोबाइल फोन की तलाश की। पुलिस ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार, झारखंड और दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी के बाद फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान की गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें मोबाइल सौंप दिए गए।
कौशांबी और इंदिरापुरम पुलिस ने किए सबसे अधिक फोन बरामद
थानावार बरामदगी में कौशांबी पुलिस ने सबसे अधिक 66 मोबाइल फोन बरामद किए। इंदिरापुरम पुलिस ने 62 और साहिबाबाद पुलिस ने 61 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा खोड़ा पुलिस ने 37, लिंक रोड ने 32, शालीमार गार्डन ने 32 और टीला मोड़ पुलिस ने 31 मोबाइल फोन बरामद किए। सभी थानों की संयुक्त कार्रवाई से कुल 321 मोबाइल फोन उनके मालिकों तक पहुंचाए गए।
धनतेरस पर मोबाइल पाकर लोगों ने जताया आभार
लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए धनतेरस का दिन खास बन गया। अपना खोया हुआ फोन वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर की और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार जताया। कई लोगों के लिए मोबाइल में जरूरी दस्तावेज, संपर्क नंबर और व्यक्तिगत जानकारियां भी थीं। ऐसे में फोन वापस मिलना उनके लिए आर्थिक नुकसान की भरपाई के साथ जरूरी जानकारियां दोबारा मिलने जैसा रहा।
डीसीपी ऋजुल ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों का लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि चोरी, लूट और गुम हुए मोबाइल फोन को जल्द से जल्द बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपा जाए।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



