Last Updated:
‘हिम्मत है तो संसद में आइए, चर्चा होगी’. हरियाणा के करनाल से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को यह खुला चैलेंज दिया है. SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर जारी सियासी घमासान के बीच अमित शाह ने कहा कि सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है. राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इसकी मांग करें. बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद जनसभा में शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कई राज्यों में मिली चुनावी हार को लेकर भी राहुल गांधी पर हमला बोला.
करनाल में अमित शाह ने राहुल गांधी को संसद में SIR पर बहस की चुनौती दी. फोटो (PTI)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बहस की चुनौती को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करनाल से राहुल गांधी को खुला चैलेंज दे दिया है. उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी में हिम्मत है तो वह संसद में आएं और SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा करें. सरकार इस मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए भी तैयार है. अमित शाह ने राहुल गांधी से कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर विशेष सत्र बुलाने की मांग करें. उनका यह बयान ऐसे वक्त आया है जब SIR को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहा है. 1 नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में विपक्ष की बड़ी रैली भी हुई. अमित शाह ने कांग्रेस पर झूठ फैलाने और संसद में चर्चा से बचने का आरोप भी लगाया.
हरियाणा के करनाल में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती देते हैं लेकिन अगर वह सचमुच चर्चा चाहते हैं तो उन्हें आगे आना चाहिए. शाह ने दावा किया कि केंद्र सरकार SIR के मुद्दे पर संसद में हर सवाल का जवाब देने को तैयार है. उन्होंने बीजेपी के देशव्यापी अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक 600 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए. शाह के मुताबिक इन कार्यक्रमों में लोगों का समर्थन मिला और बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया.
‘प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखिए, विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं’
अमित शाह ने राहुल गांधी को सीधे संबोधित करते हुए कहा, ‘आप मोदी जी को बहस की चुनौती देते हैं. अगर आप वाकई चर्चा करना चाहते हैं तो उन्हें एक पत्र लिखिए. हम संसद का विशेष सत्र बुलाकर इस मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए तैयार हैं.’ शाह का कहना था कि सरकार SIR पर संसद में खुली चर्चा चाहती है. उन्होंने कांग्रेस से आरोप लगाने के बजाय सदन में आकर अपनी बात रखने को कहा.
चुनावी हार से बौखला गए हैं राहुल गांधी: शाह
गृह मंत्री ने कांग्रेस की चुनावी राजनीति पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है. इसके बाद कई राज्यों में हुए चुनावों में भी कांग्रेस को हार मिली. अमित शाह ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस को शुरुआती पांच दौर की मतगणना के बाद ही अपनी स्थिति का अंदाजा हो गया था. इसके बावजूद पार्टी सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी थी. उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने तीसरी बार बीजेपी को मौका दिया और नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री चुना.
महाराष्ट्र से बिहार तक चुनावों का किया जिक्र
अमित शाह ने महाराष्ट्र और दिल्ली के साथ बिहार और असम के चुनावों का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मिल रही चुनावी हार के कारण राहुल गांधी परेशान हैं. अब वह अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण पर फोड़ रहे हैं. शाह ने कांग्रेस को सलाह दी कि वह झूठे आरोप लगाने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर चर्चा करे.
About the Author
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



