Image Slider

गाजियाबाद। गाजियाबाद की बेटी सबा हैदर ने अमेरिका में जीत का परचम लहराया है। अमेरिका के इलिनॉय राज्य की डिस्ट्रिक्ट 84 सीट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी सबा हैदर ने 71.8 प्रतिशत मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी और सेवानिवृत्त नेवी कमांडर ब्रायन स्कूबा को बड़े अंतर से हराया। उनकी जीत की खबर मिलते ही गाजियाबाद स्थित पैतृक आवास पर जश्न शुरू हो गया।


संजयनगर स्थित उनके घर पर सगे-संबंधियों, पड़ोसियों और राजनीतिक हस्तियों का पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई और मिठाइयां बांटीं। सबा के पिता सैयद अली ने भावुक होते हुए कहा कि यह सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गाजियाबाद और भारत की जीत है। उनकी बेटी ने वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाया है।

उनके भाई अब्बास हैदर ने बताया कि सबा पिछले 20 वर्षों से परिवार के साथ अमेरिका में रह रही हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा गाजियाबाद के प्रतिष्ठित होली चाइल्ड स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने गाजियाबाद से स्नातक की पढ़ाई पूरी की, जिसमें वह गोल्ड मेडलिस्ट रहीं। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। यहां वाइल्डलाइफ सेंसस में एमएससी करते हुए उन्होंने दूसरा गोल्ड मेडल हासिल किया।

सबा के पिता सैयद अली उत्तर प्रदेश जल निगम से चीफ इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी मां शहर में निजी स्कूल संचालित करती हैं। उनके छोटे भाई जीशान हैदर दुबई में जाने-माने उद्योगपति हैं। सबा के पति वर्ल्ड बैंक में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उनका एक बेटा और एक बेटी है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||