Image Slider

यमुना किनारे सोनिया विहार में बुधवार से शुरू होने जा रही रिवर सफारी दिल्लीवासियों के लिए पर्यटन का नया आकर्षण बनने जा रही है। यहां क्रूज की सैर, खानपान, गेमिंग और बच्चों के लिए किड्स जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। दावा है कि लोगों को दिल्ली में ही गोवा जैसा पर्यटन अनुभव मिलेगा।

कभी कूड़े और गंदगी से परेशान रहने वाले यमुना किनारे के इस इलाके को अब संवारा जा रहा है। सफाई, रास्तों के निर्माण और पार्किंग की व्यवस्था के साथ दीवारों पर रंग-रोगन का काम भी तेजी से चल रहा है। हालांकि, इस पर्यटन परियोजना की राह में यातायात जाम, संकरी सड़कें और यमुना का प्रदूषण बड़ी चुनौती बन सकते हैं।

यमुना किनारे ढाई पुस्ता पर शिव मंदिर सोनिया विहार के पास मंगलवार दोपहर करीब दो बजे नजारा बिल्कुल बदला हुआ दिखा। जहां कभी कूड़ा और गंदगी की समस्या होती थी वहां अब चारों तरफ सफाई और बीच में चलने के लिए साफ रास्ता बन चुका है। 

स्थानीय कारोबार और रोजगार को मिलेगी रफ्तार

रिवर सफारी शुरू होने से आसपास के दुकानदारों और युवाओं को कारोबार तथा रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर चाय-नाश्ते, खानपान, स्थानीय परिवहन और पार्किंग जैसी सेवाओं की मांग बढ़ेगी। परिसर में कैंटीन, फूड पार्क, गेमिंग और किड्स जोन भी विकसित किए जा रहे हैं। 

जाम से निपटना होगा बड़ी चुनौती

सोनिया विहार एमसीडी टोल के पास रहने वाले नितेश पांडे के मुताबिक, सफारी तक पहुंचने वाले पुस्ता मार्ग पर पहले से ही यातायात का दबाव है। आसपास मैरिज होम और फार्म हाउस होने के कारण शादी-विवाह के आयोजनों के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। 

यमुना की स्वच्छता पर भी देना होगा ध्यान

स्थानीय गौरव मावी और अंकुर शर्मा का कहना है कि रिवर सफारी की सफलता के लिए यमुना की स्वच्छता बेहद जरूरी है। डीपीसीसी की सितंबर 2026 की निगरानी रिपोर्ट के अनुसार, वजीराबाद केंद्र पर पानी की बीओडी 4 मिलीग्राम प्रति लीटर और फीकल कॉलीफॉर्म 1300 एमपीएन प्रति 100 मिलीलीटर दर्ज किया गया था। 

आज से क्रूज की सैर का मिलेगा आनंद

योजना के मुताबिक, वजीराबाद घाट से जगतपुर स्थित शनि मंदिर घाट तक करीब छह किलोमीटर के जलमार्ग पर क्रूज चलेगा। आने-जाने की यात्रा 35 से 45 मिनट में पूरी होगी। क्रूज में एक बार में 30 यात्री बैठ सकेंगे। प्रस्तावित किराया 500 रुपये प्रति व्यक्ति और परिसर का प्रवेश शुल्क 50 रुपये रखा गया है। संचालन का समय सुबह नौ से शाम सात बजे तक प्रस्तावित है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||