Image Slider

प्रयागराज: दिवाली पर घरों को रोशन करने के लिए बाजार में कई तरह की मोमबत्तियां उपलब्ध हैं, लेकिन क्या आपने कभी फूल, गुलाब, कमल या टेडी बियर के आकार की मोमबत्तियां देखी हैं? प्रयागराज के उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) में लगे दिवाली शिल्प मेले में इस बार कुछ ऐसी ही आकर्षक मोमबत्तियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं. इन मोमबत्तियों को तैयार करने का काम कर रही हैं प्रयागराज के फूलपुर की रहने वाली अदिति मौर्य. उन्होंने साधारण मोमबत्तियों को अलग-अलग डिजाइन देकर एक नए कारोबार की शुरुआत की है.

अदिति बनाती हैं कई तरह की मोमबत्ती

अदिति मौर्य बताती हैं कि उन्हें इस स्टार्टअप का विचार खुद आया. उन्होंने देखा कि बाजार में ज्यादातर सामान्य आकार की मोमबत्तियां ही उपलब्ध हैं. ऐसे में उन्होंने सोचा कि मोमबत्तियों में थोड़ी रचनात्मकता जोड़कर उन्हें और आकर्षक बनाया जा सकता है. उन्हें अलग-अलग डिजाइन में तैयार होने वाले साबुनों को देखकर भी इस तरह का प्रयोग करने की प्रेरणा मिली. इसके बाद उन्होंने फूलों और दूसरे आकर्षक आकारों में मोमबत्तियां बनाना शुरू किया.

अदिति के स्टॉल पर इस समय 25 से अधिक तरह की मोमबत्तियों की वैरायटी उपलब्ध है. इनमें गुलाब, कमल, सूरजमुखी और दूसरे फूलों के आकार वाली मोमबत्तियां शामिल हैं. इसके अलावा पांडा, आउल, बबल्स और टेडी बियर जैसी डिजाइन भी मौजूद हैं. इनकी खासियत यह है कि इन्हें जलाने के साथ ही घर की सजावट और गिफ्टिंग के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है. खासकर जन्मदिन और दूसरे अवसरों पर इन डिजाइन वाली मोमबत्तियों को उपहार के रूप में दिया जा सकता है.

60 रुपये से शुरू होती है कीमत

इनकी कीमत डिजाइन और आकार के हिसाब से अलग-अलग है. छोटे फूलों वाली मोमबत्तियां 60 रुपये से शुरू होती हैं, जबकि कुछ डिजाइन 80 रुपये की हैं. गुलाब के आकार वाली मोमबत्ती की कीमत 200 रुपये और एक प्रीमियम डिजाइन की कीमत 300 रुपये तक है. अदिति इन मोमबत्तियों को तैयार करने के लिए सोया वैक्स का इस्तेमाल करती हैं. उनके मुताबिक यह प्रीमियम वैक्स है और इससे तैयार मोमबत्तियां लंबे समय तक चलती हैं. उनके पास खुशबूदार यानी सेंटेड कैंडल्स की भी कई वैरायटी हैं.

अदिति मौर्य बताती हैं कि जब उन्होंने इस कारोबार को शुरू करने के बारे में सोचा था, तब करीब 20 हजार रुपये का बजट तय किया था. हालांकि, नए डिजाइन और अलग-अलग वैरायटी तैयार करने के साथ अब इसमें लगभग 50 हजार रुपये तक का निवेश हो चुका है. इस स्टार्टअप को शुरू किए अभी तीन से चार महीने ही हुए हैं. इतने कम समय में उन्होंने अपने उत्पादों की बिक्री भी शुरू कर दी है.

ऑनलाइन व ऑफलाइन होती है बिक्री

फिलहाल अदिति के उत्पाद टियर-2 और टियर-3 शहरों तक पहुंच रहे हैं, जबकि टियर-1 शहरों में ऑनलाइन माध्यम से भी बिक्री हो रही है. अभी उनका कारोबार विदेशों तक नहीं पहुंचा है, लेकिन वह अपने उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती हैं. प्रयागराज के फूलपुर से अपनी शुरुआत करने वाली अदिति मौर्य का यह प्रयास दिखाता है कि बाजार में पहले से मौजूद किसी सामान्य उत्पाद को भी नई सोच और रचनात्मकता के साथ एक अलग पहचान दी जा सकती है. एनसीजेडसीसी के दिवाली शिल्प मेले में उनकी रंग-बिरंगी और अलग-अलग आकार की मोमबत्तियां लोगों को सजावट के साथ उपहार देने का एक नया विकल्प दे रही हैं.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||