Image Slider

गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की एक क्रेटा कार, तीन मोटरसाइकिलें और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुद को बीए पास बताया। आरोप है कि वह वाहन चोरी करने के बाद नंबर प्लेट बदलकर उन्हें सस्ते दामों पर बेच देता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, अमरोहा, बिजनौर और मुरादाबाद में दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर अधिनियम, लूट, चोरी और अवैध शस्त्र से संबंधित मामले शामिल हैं।


एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि सिहानी गेट थाना पुलिस ने 13 अक्तूबर को मुखबिर की सूचना पर मेरठ तिराहे के पास से अमरोहा के पंजी सराय गांव निवासी आबिद (34) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से सफेद रंग की क्रेटा कार और चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुईं। इसके अलावा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले दो मास्टर-की, एक पेचकस, एक डबल टेप, एक वायर कटर और एक पेपर कटर भी मिले।

पूछताछ में आबिद ने अपने दो साथियों भंता उर्फ इकरार उर्फ नाजिम और साजिद के साथ मिलकर वाहन चोरी की कई वारदात करने की बात स्वीकार की। भंता और साजिद भी अमरोहा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आबिद की निशानदेही पर हिंडन नदी के पास कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों से तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

जांच में पता चला कि बरामद क्रेटा कार इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। वहीं, एक मोटरसाइकिल दिल्ली के शाहदरा थाने में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित है। पुलिस अब आबिद के दोनों साथियों की तलाश कर रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||