Image Slider

-सेक्टर-94 में नौ एकड़ में बन रहा पार्क, जेन गार्डन, झरने, ड्रैगन स्विंग और वॉटर बॉडी होंगे खास आकर्षण

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। सेक्टर-94 में ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन के पास विकसित किया जा रहा जापानी पार्क दिसंबर में आम लोगों के लिए खोला जा सकता है। करीब नौ एकड़ में 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पार्क में लोग जापानी संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण का अनुभव कर सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण की ओर से बनवाए जा रहे पार्क में जेन गार्डन, झरने, ड्रैगन स्विंग, वॉटर बॉडी और वॉकिंग ट्रैक समेत कई आकर्षण होंगे।

पार्क का निर्माण कार्य मई में शुरू हुआ था। फिलहाल करीब 40 कर्मचारी इसे तैयार करने में जुटे हैं। अधिकारियों के अनुसार, पार्क की मुख्य संरचनाएं बन चुकी हैं, लेकिन टाइल लगाने, लैंडस्केपिंग और पौधरोपण का काम अभी बाकी है। पाथवे के कुछ हिस्सों में टाइलें लगाई जा रही हैं। वहीं, रास्तों के किनारे निर्माण सामग्री रखी हुई है। बाउंड्री वॉल, पैदल रास्तों और अन्य सुविधाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पार्क में जापानी शैली के बगीचे विकसित किए जाएंगे। यहां मेडिटेशन और आत्मचिंतन के लिए विशेष स्थान भी बनाया जाएगा, जहां लोग प्रकृति के बीच सुकून के पल बिता सकेंगे। वॉटर बॉडी और आकर्षक संरचनाएं पार्क की खूबसूरती बढ़ाएंगी।

सुरक्षा के लिए पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर निगरानी के लिए वीडियो वॉल की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इससे पार्क की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

निर्माण, लैंडस्केपिंग और अन्य जरूरी सुविधाओं का काम पूरा होने के बाद पार्क को खोलने की तैयारी होगी। इसके शुरू होने से सेक्टर-94 और आसपास के निवासियों को घूमने, टहलने और ध्यान लगाने के लिए एक नया सार्वजनिक स्थल मिल सकेगा। हालांकि, पार्क के उद्घाटन की आधिकारिक तारीख अभी तय नहीं हुई है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||