-50 प्रमुख स्थानों और चौराहों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, सफाई से लेकर प्रकाश व्यवस्था तक का लिया जायजा
-चौधरी मोड़, हापुड़ चुंगी, हापुड़ तिराहा समेत छह स्थानों पर यू-टर्न की संभावनाएं तलाशने के निर्देश
-केंद्रीय वर्ज, स्ट्रीट लाइट, पेड़ों की छंटाई और रोड स्वीपिंग की भी हुई निगरानी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। त्योहारों के दौरान शहर की सड़कों पर बढऩे वाले यातायात दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नगर निगम मुख्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर पहुंचकर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों की व्यवस्था परखी। करीब 50 प्रमुख स्थानों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग करते हुए उन्होंने सफाई, प्रकाश, निर्माण कार्यों के साथ यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। त्योहारों के दौरान प्रमुख मार्गों पर किसी भी स्थिति में जाम की समस्या पैदा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने आईटीएमएस के माध्यम से शहर में चल रहे नगर निगम के विभिन्न कार्यों को देखा। इस दौरान सड़कों के केंद्रीय वर्ज की मरम्मत, खराब लाइटों को दुरुस्त करने, सड़कों के किनारे अनावश्यक रूप से बढ़ी पेड़ों की टहनियों की छंटाई, रोड स्वीपिंग मशीन से की जा रही सफाई तथा एंटी स्मॉग गन से धूल नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की स्थिति देखी गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। नगर निगम की टीम द्वारा त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। रोड स्वीपिंग मशीनों के साथ धूल नियंत्रण के लिए एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए खराब लाइटों की मरम्मत कराई जा रही है। सड़क किनारे यातायात में बाधा बनने वाली पेड़ों की अनावश्यक रूप से बढ़ी शाखाओं की छंटाई भी कराई जा रही है।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम की टीम शहर की स्वच्छता, सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान शहरवासियों को आवागमन में परेशानी न हो और प्रमुख बाजारों व मार्गों पर यातायात सुचारु बना रहे। आईटीएमएस के माध्यम से की गई 50 प्रमुख स्थानों की मॉनिटरिंग को इसी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।
जाम वाले चौराहों पर यू-टर्न की संभावना तलाशेगा निर्माण विभाग
त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव बढऩे की संभावना को देखते हुए नगर आयुक्त ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और ट्रैफिक टीम को ऐसे स्थानों को चिन्हित करने के लिए कहा, जहां वाहनों के अधिक दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। नगर आयुक्त ने चौधरी मोड़, हापुड़ चुंगी, हापुड़ तिराहा, मैक्स रेड लाइट कौशांबी, इंदिरापुरम सीआईएसएफ कट और राजनगर एक्सटेंशन कट समेत प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इन स्थानों पर यातायात के दबाव और सड़क की उपलब्ध जगह का अध्ययन कर आवश्यकता के अनुसार यू-टर्न बनाए जाने की संभावनाएं तलाशने को कहा गया है। इसका उद्देश्य वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करना और अनावश्यक कट व गलत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण लगने वाले जाम को कम करना है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था केवल ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नगर निगम के निर्माण, प्रकाश, स्वास्थ्य और उद्यान विभागों को भी आपसी समन्वय से काम करना होगा। जिन स्थानों पर सड़क, प्रकाश, सफाई अथवा पेड़ों की शाखाओं के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना है, वहां समय रहते सुधार कराया जाए।
आईटीएमएस से सिर्फ ट्रैफिक नहीं, निगम के कामकाज पर भी नजर
नगर आयुक्त ने आईटीएमएस को शहर की व्यवस्थाओं की निगरानी का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैमरों के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शहर में त्योहारों के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ती है। ऐसे में प्रमुख मार्गों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क किनारे अवरोध और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
आईटीएमएस के जरिए नगर निगम के अधिकारी शहर के विभिन्न हिस्सों की स्थिति पर नजर रख सकते हैं। इस दौरान किसी स्थान पर खराब प्रकाश व्यवस्था, सफाई में कमी, सड़क पर अवरोध या अन्य समस्या दिखाई देने पर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा सकता है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



