- जुनपत से बील अकबरपुर तक बनेगी नई राह, 63 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की तैयारी
- बील अकबरपुर में प्रस्तावित इंटरचेंज से आसान होगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचना
- आठ गांवों से होकर गुजरेगा मार्ग, आगे हापुड़ बाइपास और गंगा एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। शहर की 105 मीटर चौड़ी सड़क को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है। सड़क के विस्तार और दादरी के बील अकबरपुर गांव के पास प्रस्तावित इंटरचेंज के निर्माण के लिए आठ गांवों की करीब 63 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जमीन मिलने के बाद अगले साल सड़क निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है।
इस परियोजना के तहत पहले चरण में ग्रेटर नोएडा के जुनपत गांव से दादरी के बील अकबरपुर गांव तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इसके बाद सड़क को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। बील अकबरपुर के पास इंटरचेंज बनाया जाएगा, जिससे वाहन चालकों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर आने-जाने के लिए सीधा रास्ता मिलेगा। यह सड़क आगे चलकर राष्ट्रीय राजमार्ग-91 (एनएच-91) से भी जुड़ जाएगी।
आठ गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
परियोजना के लिए जुनपत, दतावली, बील अकबरपुर, चिटहेरा, नई बस्ती, हजरतपुर, रामगढ़ और बोड़ाकी गांवों की जमीन ली जाएगी। इन गांवों की कुल करीब 63 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। प्राधिकरण की ओर से इसके लिए आवश्यक सूचना जारी की जा चुकी है और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल अल्फा-1 गोलचक्कर से सूरजपुर-कासना मार्ग पर शुरू होने वाली 105 मीटर चौड़ी सड़क जुनपत गांव तक बनी हुई है। अब इसे आगे बढ़ाकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है। सड़क के विस्तार के साथ बील अकबरपुर के पास इंटरचेंज बनने से ग्रेटर नोएडा और दादरी क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
जमीन प्राधिकरण देगा, निर्माण एनएचएआई करेगा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि सड़क और इंटरचेंज के निर्माण को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बीच सहमति बन चुकी है। परियोजना के लिए जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण उपलब्ध कराएगा, जबकि सड़क और इंटरचेंज का निर्माण एनएचएआई करेगा। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले साल निर्माण शुरू करने की तैयारी है।
हापुड़ बाइपास तक 37 किलोमीटर लंबी होगी सड़क
प्रस्तावित सड़क की योजना केवल ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक सीमित नहीं है। हापुड़ बाइपास तक इसकी कुल लंबाई करीब 37 किलोमीटर होगी। हापुड़ बाइपास के आगे गंगा एक्सप्रेसवे की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। ऐसे में भविष्य में यह मार्ग ग्रेटर नोएडा को हापुड़ और गंगा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले मार्गों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
प्राधिकरण बोर्ड इस सड़क के निर्माण को पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी दे चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद ग्रेटर नोएडा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक सीधी कनेक्टिविटी मिलने के साथ दादरी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। इंटरचेंज बनने से दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


