Image Slider

  • महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मोहन नगर से किया अभियान का शुभारंभ
  • 5200 सफाई मित्रों की टीमें दिन-रात संभालेंगी मोर्चा, 100 वार्डों में चलेगा विशेष अभियान
  • सफाई मित्रों, छात्र-छात्राओं और सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम ने 157 घंटे चलने वाले महा सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है। मोहन नगर जोन के राजेंद्र नगर क्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक शहर के सभी जोन और 100 वार्डों में लगातार दिन-रात विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए करीब 5200 सफाई मित्रों की टीमें गठित कर उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
अभियान की शुरुआत के अवसर पर निगम अधिकारियों के साथ छात्र-छात्राएं, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शहर को साफ रखने में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया गया।

नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि अभियान केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए घर से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक स्वच्छता का ध्यान रखना जरूरी है। नगर निगम की ओर से शुरू किए गए 157 घंटे के महा सफाई अभियान में सफाई मित्र अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, लेकिन अभियान की सफलता के लिए शहरवासियों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है और छात्र-छात्राओं का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवा पीढ़ी स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचा सकती है। महापौर ने अभियान से जुडऩे वाले सामाजिक संगठनों, नागरिकों और अन्य सहयोगी संस्थाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान निगम का सहयोग करने वाली संस्थाओं और स्वच्छता के प्रति योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। सफाई मित्रों और छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

5200 सफाई मित्रों की टीमें संभालेंगी मोर्चा
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि 157 घंटे का महा सफाई अभियान 2 अक्टूबर तक लगातार चलेगा। इसकी शुरुआत मोहन नगर जोन से की गई है और अब नगर निगम के सभी जोन में दिन-रात विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के लिए 5200 सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। इन सफाई मित्रों को अलग-अलग टीमों में बांटकर वार्ड और क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी गई है, जिससे अभियान के दौरान सफाई व्यवस्था को लगातार संचालित किया जा सके। नगर आयुक्त ने कहा कि अभियान में केवल सफाई कर्मचारियों की भूमिका ही नहीं होगी, बल्कि जनसहयोग को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

100 वार्डों में स्थानीय पार्षदों और नागरिकों के सहयोग से अभियान को गति दी जाएगी। व्यापारी वर्ग से भी विशेष सहयोग लेने की योजना है, ताकि बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कुछ दिनों तक सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में निगम की टीमें सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी। लोगों से अपील की जाएगी कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें।

जनभागीदारी से सफल होगा स्वच्छता अभियान
नगर आयुक्त ने कहा कि किसी भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था तभी मजबूत हो सकती है, जब उसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी हो। नगर निगम की ओर से अभियान के दौरान सफाई मित्रों के साथ स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, छात्र-छात्राओं और व्यापारियों को भी जोड़ा जा रहा है। इससे स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नगर आयुक्त ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद कविता भाटी और पार्षद प्रमोद राघव समेत निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। महापौर और नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि 157 घंटे के इस विशेष अभियान को केवल निगम का अभियान न मानते हुए इसे अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी के रूप में लें। नगर निगम का यह अभियान मोहन नगर जोन से शुरू होकर शहर के सभी जोन और 100 वार्डों तक पहुंचेगा। दिन-रात चलने वाली सफाई टीमों के साथ जनसहयोग और जागरूकता गतिविधियों के जरिए शहर को स्वच्छ रखने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||