Image Slider

  • मॉडर्न कॉलेज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर, विशेषज्ञों ने दिए स्वस्थ जीवनशैली के टिप्स
  •  नशे से दूर रहने और संतुलित आहार अपनाने के लिए युवाओं को किया जागरूक
  • वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर सामूहिक गायन, राष्ट्रभावना का दिया संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर में शुक्रवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से माय भारत गाजियाबाद, महाविद्यालय की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति तथा उन्नत भारत प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ‘मेरा स्वास्थ्य-मेरा गर्व’ एवं ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ की थीम पर आयोजित शिविर में विद्यार्थियों और कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में माय भारत गाजियाबाद की जिला युवा अधिकारी एकता मिश्रा, एमएस मेट्रो लाइफ हॉस्पिटल गाजियाबाद के जनरल फिजिशियन डॉ. दानिश तथा सीएमओ कार्यालय के तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशुतोष गौतम मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य, पोषण, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं का स्वस्थ रहना केवल उनके व्यक्तिगत जीवन के लिए ही नहीं, बल्कि मजबूत समाज और देश के निर्माण के लिए भी जरूरी है।

स्वास्थ्य शिविर में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ करीब 164 विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन, मधुमेह और एनीमिया समेत विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की। जनरल सर्जन, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। शिविर के दौरान कर्मचारियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के अनुसार निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। प्रतिभागियों को खानपान में संतुलन बनाए रखने, पौष्टिक आहार लेने और स्वास्थ्य के प्रति नियमित रूप से सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और उसके दुष्प्रभावों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नशे का असर व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों, खेलकूद और स्वस्थ दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. निशा सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति का अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।

स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना, देशभक्ति, एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।

सामूहिक गायन के दौरान महाविद्यालय परिवार ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और राष्ट्र सेवा से जुड़े विचारों को भी स्मरण किया गया। वक्ताओं ने स्वस्थ, जागरूक, संस्कारवान और आत्मनिर्भर युवा शक्ति के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक युवा शक्ति का संदेश प्रमुख रहा। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||