- सिटी जोन कार्यालय में महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त ने किया हवन-पूजन
- पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
- नए कार्यालय का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर नगर निगम की ओर से नेहरू नगर स्थित सिटी जोन कार्यालय में शुक्रवार को हवन-पूजन का आयोजन किया गया। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ हवन में आहुति देकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन किया। इसके बाद उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद अजीत निगम समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी और सभी जोनल प्रभारी मौजूद रहे। महापौर की अध्यक्षता में आयोजित हवन-पूजन कार्यक्रम में निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को याद किया। महापौर सुनीता दयाल ने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। नगर निगम की जिम्मेदारी भी शहर के प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कार्यक्रम के बाद नेहरू नगर स्थित नए सिटी जोन कार्यालय का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था, आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न कार्यों के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। नगर आयुक्त ने कहा कि आगंतुकों को कार्यालय में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से उनका सीधा संपर्क सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यालय में आने वाले लोगों के बैठने और उनकी समस्याएं सुनने की व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। नगर आयुक्त ने बताया कि टाउन हॉल में कार्य चलने के कारण सिटी जोन कार्यालय को नेहरू नगर में स्थापित किया गया है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के बाद कार्यालय को यहां शिफ्ट किया गया है। अब सिटी जोन से संबंधित कार्य और स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान नेहरू नगर स्थित कार्यालय से किया जाएगा।
पार्किंग की व्यवस्था का भी रखा गया ध्यान
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नए सिटी जोन कार्यालय में लोगों की सुविधा के साथ-साथ पार्किंग व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया है। टाउन हॉल में काम चलने तक सिटी जोन की गतिविधियां नेहरू नगर स्थित कार्यालय से संचालित होंगी। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम कार्यालयों का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों का संचालन करना नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। कार्यक्रम के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, क्षेत्रीय पार्षद अजीत निगम, संबंधित विभागों के अधिकारी, सभी जोनल प्रभारी और नगर निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। हवन-पूजन के बाद अधिकारियों ने नए कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सिटी जोन से जुड़े कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने पर चर्चा की। कार्यक्रम के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके विचारों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प को भी याद किया गया।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




