Image Slider

  • महापौर और नगर आयुक्त ने राजेंद्र नगर में चार्जिंग स्टेशन का किया शुभारंभ
  • -20 स्थानों पर 100 चार्जिंग प्वाइंट, 15 स्टेशनों का काम पूरा, अक्टूबर तक सभी शुरू करने की तैयारी
  • इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगा बढ़ावा, वायु गुणवत्ता में भी होगा सुधार: महापौर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में नगर निगम ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को मोहन नगर जोन के राजेंद्र नगर में स्थापित चार्जिंग स्टेशन का महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद कविता भाटी और पार्षद प्रमोद राघव समेत निगम के अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम के अनुसार शहर में 20 स्थानों पर कुल 100 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से कई स्थानों पर काम पूरा हो चुका है और चार्जिंग सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। निगम की योजना है कि शेष स्थानों पर भी काम तेजी से पूरा कर अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह तक चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिए जाएं।

महापौर सुनीता दयाल ने राजेंद्र नगर में चार्जिंग स्टेशन के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने से शहरवासियों को सुविधा मिलेगी और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढऩे से वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी और शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार की दिशा में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी लगातार काम कर रहा है। इसी क्रम में 20 स्थानों पर 100 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मल्टी लेवल कार पार्किंग, राजेंद्र नगर और साईं उपवन समेत कुछ स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढऩे के साथ चार्जिंग सुविधा की आवश्यकता भी बढ़ेगी। ऐसे में शहर के प्रमुख और सुविधाजनक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध कराने से वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी। नगर निगम की ओर से शुरू की गई इस व्यवस्था को शहर के पर्यावरण के लिए भी महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए नगर निगम लगातार विभिन्न स्तरों पर काम कर रहा है। इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन की स्थापना भी इसी प्रयास का हिस्सा है। राजेंद्र नगर स्थित चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत कर दी गई है और अन्य स्थानों पर भी काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने संबंधित टीम को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशनों का काम निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि लगभग एक माह के भीतर अधिकतर चार्जिंग स्टेशनों को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध हो सके। नगर आयुक्त के अनुसार कुल 100 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से 25 प्वाइंट शुरू करने की प्रक्रिया में हैं, जबकि अन्य स्थानों पर तेजी से काम किया जा रहा है। निगम की योजना अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह तक शेष चार्जिंग स्टेशनों को भी शुरू करने की है।

नगर निगम की ओर से बताया गया कि वायु गुणवत्ता सुधार के लिए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का काम कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्थाओं शेरीफाई सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड-स्टैटिक और फोर्टम चार्ज एंड ड्राइव इंडिया-ग्लिडा के माध्यम से चार्जिंग स्टेशन लगाने की कार्रवाई की जा रही है। निगम के अधिकारी पूरे कार्य की निगरानी कर रहे हैं। निगम के अनुसार 15 चार्जिंग स्टेशन प्वाइंट पर काम पूरा हो चुका है और इन्हें शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। शेष स्थानों पर काम पूरा होने के बाद चरणबद्ध तरीके से चार्जिंग सुविधा शुरू की जाएगी। चार्जिंग स्टेशन के लिए गोविंदपुरम, स्वर्ण जयंतीपुरम, डायमंड फ्लाईओवर के नीचे, विवेकानंद

नगर, रेत मंडी-नंदग्राम रोड, राजनगर एक्सटेंशन मुख्य मार्ग, पटेल मार्ग, ताज हाईवे विजयनगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक, अकबरपुर-बहरामपुर, स्वर्ण जयंती पार्क इंदिरापुरम, मोहन नगर, वैशाली मेट्रो स्टेशन लिंक रोड और रमते राम रोड शॉपिंग कांप्लेक्स के पास समेत अन्य स्थानों को शामिल किया गया है। निगम अधिकारियों के मुताबिक प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होने से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को लंबी दूरी के दौरान वाहन चार्ज करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नगर निगम ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और वायु गुणवत्ता सुधार में सहयोग करते हुए स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को अपनाने की अपील की है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||