Image Slider

होमताजा खबरदेशहैदराबाद एयरपोर्ट में आएगा बड़ा बदलाव, नया टर्मिनल-रनवे और बढ़ेंगी सुविधाएं

Last Updated:

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 13,975 करोड़ रुपये की लागत से मेगा विस्तार होगा. 2030-31 तक पूरा होने वाले इस प्रोजेक्ट के बाद एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता बढ़कर 5.1 करोड़ हो जाएगी. नए टर्मिनल, अतिरिक्त रनवे और आधुनिक सुविधाओं के साथ शमशाबाद समेत आसपास के इलाकों में रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स और कारोबार को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.

हैदराबाद. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, शमशाबाद अपने इतिहास के सबसे बड़े बुनियादी ढांचे के विस्तार की ओर कदम बढ़ा रहा है. हवाई यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने 13,975 करोड़ रुपये के मेगा विस्तार प्रोजेक्ट का ऐलान किया है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वित्त वर्ष 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद यह एयरपोर्ट एक प्रमुख ग्लोबल एविएशन और इकोनॉमिक हब के रूप में उभरेगा. लगभग 5,500 एकड़ क्षेत्र में फैले इस एयरपोर्ट पर वर्तमान में सालाना 34 मिलियन यात्रियों को संभालने की क्षमता है. वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान यहां से करीब 30.48 मिलियन यात्रियों ने आवाजाही की, जिससे यह अपनी अधिकतम सीमा के बेहद करीब पहुंच गया है.

इस दबाव को कम करने और भविष्य के विस्तार के तहत परियोजना में एक नया आधुनिक पैसेंजर टर्मिनल, अतिरिक्त रनवे और अत्याधुनिक बुनियादी सुविधाएं शामिल की गई हैं. इस विस्तार के पूरा होने के बाद एयरपोर्ट की कुल यात्री क्षमता बढ़कर 5.1 करोड़ प्रति वर्ष हो जाएगी. 23 मार्च 2008 को शुरू हुआ राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट वर्तमान में यात्री आवाजाही और एयर ट्रैफिक के मामले में देश का चौथा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा बन चुका है. परिचालन के शुरुआती चरणों से ही यह अनुमान से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. नए विस्तार से न केवल अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि कार्गो और लॉजिस्टिक्स संचालन को भी नई गति मिलेगी.

आसपास के इलाकों में रियल एस्टेट और आर्थिक बूम
एयरपोर्ट के इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का सीधा सकारात्मक असर हैदराबाद के दक्षिणी हिस्से और आसपास के क्षेत्रों पर पड़ रहा है. शमशाबाद, महेश्वरम, शादनगर, राजेंद्र नगर, सातअमराई, मनासा हिल्स और आरामघर जैसे इलाकों में आर्थिक व रियल एस्टेट गतिविधियों में तेजी आई है. कई प्रमुख राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियां यहां बड़े आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक प्रोजेक्ट्स विकसित कर रही हैं. इसके अलावा वेयरहाउसिंग, होटल और लॉजिस्टिक्स हब का तेजी से विस्तार हो रहा है. साथ ही आरामघर के निकट राज्य सरकार द्वारा नए हाई कोर्ट परिसर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है. एयरपोर्ट विस्तार और न्यायिक बुनियादी ढांचे के मेल से यह पूरा कॉरिडोर राज्य के एक प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है.

About the Author

authorimg

मोनाली पाल

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||