- जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में दिन-रात सक्रिय टीमें, रामनगर में 15 लीटर कच्ची शराब बरामद
- तालाब, बाग और झाडिय़ों तक पहुंच रही आबकारी टीम, 100 किलो लहन मौके पर किया नष्ट
- तस्करों को चेतावनी- अवैध कारोबार नहीं छोड़ा तो जेल के साथ निर्माण स्थल जब्ती की भी होगी कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के देहात क्षेत्रों में महुआ से तैयार की जाने वाली अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपना अभियान और तेज कर दिया है। घरों, खेतों, बागों, तालाबों और झाडिय़ों के बीच चोरी-छिपे चलाई जा रही छोटी-छोटी भट्टियों को तलाशकर ध्वस्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत टीमों की सक्रियता से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों में खलबली मची हुई है। आबकारी विभाग का फोकस केवल शराब बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध शराब के निर्माण की पूरी प्रक्रिया और उसके लिए इस्तेमाल किए जा रहे ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है। विभाग की टीमें देहात क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध स्थानों की निगरानी कर रही हैं। जहां भी अवैध शराब बनाने या लहन तैयार करने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है।
गुरुवार को इसी अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक अखिलेश चौधरी और अभिषेक सिंह की संयुक्त टीम ने थाना माल पुलिस फोर्स के साथ ग्राम रामनगर और उसके आसपास के संदिग्ध स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। टीम ने गांव के आसपास स्थित बगीचों, तालाब के किनारे और अन्य संदिग्ध स्थलों को खंगाला। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे करीब 100 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के बाद आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि अवैध शराब बनाने वालों को किसी भी स्तर पर संरक्षण या राहत देने के बजाय सीधे कार्रवाई के दायरे में लाया जा रहा है।
तस्करों को नहीं मिल रहा संभलने का मौक
जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह के निर्देशन में टीमों की कार्यशैली का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि कार्रवाई को केवल कागजी अभियान तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। देहात क्षेत्रों में लगातार भ्रमण, संदिग्ध स्थानों की पहचान और पुलिस के सहयोग से संयुक्त दबिश के जरिए अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। टीमों द्वारा ऐसे स्थानों को भी चिह्नित किया जा रहा है, जहां जंगल, खेत, बाग, तालाब या झाडिय़ों की आड़ में अवैध शराब तैयार किए जाने की संभावना रहती है। आबकारी विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अवैध शराब के नुकसान के प्रति जागरूक भी कर रही हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। विभाग की ओर से तस्करों को यह स्पष्ट संदेश भी दिया जा रहा है कि अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निर्माण स्थल पर भी होगी कार्रवाई
अवैध शराब बनाने वालों को चेतावनी दी जा रही है कि यदि उन्होंने स्वयं इस गैरकानूनी धंधे को बंद नहीं किया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे स्थानों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। इससे उन लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है, जो अपने घर, खेत या अन्य स्थान को अवैध शराब निर्माण के लिए इस्तेमाल होने दे रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण और बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। विभाग का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार को प्रभावी ढंग से रोकना और लोगों के जीवन को इसके खतरे से बचाना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रवर्तन टीमों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त कार्रवाई को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
अधिकारी के निर्देशन में टीमों की लगातार सक्रियता और मौके पर पहुंचकर की जा रही कार्रवाई को अभियान की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है। एक ओर जहां अवैध शराब और लहन को मौके पर नष्ट किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस धंधे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आबकारी विभाग का कहना है कि विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। देहात क्षेत्र में संदिग्ध स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही सूचना के आधार पर अचानक दबिश दी जाएगी। विभाग की इस सख्ती से अवैध कच्ची शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है और उन्हें अपना अवैध कारोबार बंद करने का स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||




