Image Slider

  • कविनगर से नंदग्राम तक तैयार हुईं दुकानें, जल्द किराये पर देने की प्रक्रिया होगी शुरू
  • राजनगर एक्सटेंशन में कमर्शियल मार्केट का निर्माण भी पूरा, व्यापारियों को मिलेगा नया ठिकाना
  • दुकानों से निगम को नियमित आय के साथ लोगों को व्यवसाय शुरू करने का मिलेगा अवसर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में नगर निगम की आय बढ़ाने के साथ-साथ आम लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम की ओर से शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैयार कराई गईं 27 दुकानें अब बनकर तैयार हो गई हैं। इन दुकानों को जल्द ही जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी है। नगर निगम की योजना है कि दुकानों को किराये पर देकर एक ओर निगम की आय में इजाफा किया जाए, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर में निगम की संपत्तियों के बेहतर उपयोग और उनसे नियमित आय अर्जित करने की दिशा में यह पहल की गई है। निगम की ओर से जिन स्थानों पर दुकानें तैयार कराई गई हैं, उनमें कविनगर एम ब्लॉक मार्केट, कैला भट्टा, रमते राम रोड और नंदग्राम प्रमुख हैं।

इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन में कमर्शियल मार्केट का निर्माण भी कराया गया है। इन व्यावसायिक परिसरों के विकसित होने से संबंधित क्षेत्रों में कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नगर निगम अब अपनी आय के स्थायी स्रोत बढ़ाने पर भी जोर दे रहा है। इसी क्रम में भविष्य में शहर के अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी कमर्शियल गतिविधियों को विकसित करने की योजना है। निगम की संपत्तियों का व्यावसायिक उपयोग कर उनसे होने वाली आय को बढ़ाने के साथ शहरवासियों के लिए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि निगम की संपत्तियों का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग होने से शहर के विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राजस्व जुटाने में मदद मिलेगी। नगर निगम की इस पहल से जहां निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है, वहीं स्थानीय स्तर पर व्यापार को बढ़ावा देने और लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। अब निगाहें दुकानों को किराये पर देने की प्रक्रिया शुरू होने पर टिकी हैं, ताकि तैयार परिसंपत्तियों का जल्द से जल्द उपयोग हो सके।

कविनगर में तीन दुकानें, कैला भट्टा में 13 दुकानें
नगर निगम ने कविनगर एम ब्लॉक मार्केट में 10म18 आकार की तीन दुकानों का निर्माण कराया है। इसी प्रकार कैला भट्टा में मरकज मस्जिद के पास 10म18 आकार की 13 दुकानें तैयार की गई हैं। रमते राम रोड पर रामानुज मार्केट के सामने 10म15 आकार की तीन दुकानें बनाई गई हैं। वहीं नंदग्राम में दीनदयाल पुरी के पास 10म15 आकार की आठ दुकानें तैयार हो चुकी हैं। इस तरह इन चार स्थानों पर कुल 27 दुकानें जनता के लिए उपलब्ध होंगी। इन दुकानों के तैयार होने के बाद अब नगर निगम की ओर से इन्हें किराये पर देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके लिए इच्छुक लोगों से आवेदन लिए जाने की तैयारी है। नगर निगम की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत दुकानें किराये पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा रखने वाले लोगों को भी अपना कारोबार स्थापित करने का मौका मिलेगा।

राजनगर एक्सटेंशन में कमर्शियल मार्केट भी तैयार
नगर निगम की ओर से राजनगर एक्सटेंशन में कमर्शियल मार्केट का निर्माण भी कराया गया है। तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों के बढऩे की संभावना को देखते हुए यह परियोजना नगर निगम की आय बढ़ाने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मार्केट के माध्यम से निगम को नियमित किराये के रूप में आय प्राप्त होगी। वहीं लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कारोबार और सेवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर स्थान मिल सकेगा।

महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि नगर निगम द्वारा काफी समय बाद अपनी आय बढ़ाने के उद्देश्य से दुकानों के निर्माण का कार्य कराया गया है। निगम की संपत्तियों का बेहतर उपयोग करते हुए ऐसी योजनाओं को आगे भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन में कमर्शियल मार्केट और अन्य चार स्थानों पर दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। इन्हें जल्द ही जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

आवेदन के बाद जल्द शुरू होगी किराये की प्रक्रिया
महापौर ने बताया कि जो भी शहरवासी नगर निगम की दुकान किराये पर लेकर अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद दुकानों को किराये पर देने की कार्रवाई जल्द आगे बढ़ाई जाएगी। निगम का उद्देश्य है कि तैयार दुकानों का अधिकतम उपयोग हो और इससे शहरवासियों को भी लाभ मिले। उन्होंने कहा कि इन दुकानों के किराये पर जाने से केवल नगर निगम की आय में ही वृद्धि नहीं होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इससे कई परिवारों को अपनी आजीविका चलाने में मदद मिल सकती है। निगम की आय बढऩे से भविष्य में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

सुनीता दयाल, महापौर

नगर निगम की संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर आय के स्थायी स्रोत बढ़ाने के साथ शहरवासियों को व्यापार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। कविनगर, कैला भट्टा, रमते राम रोड और नंदग्राम में तैयार 27 दुकानों को जल्द ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत किराये पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन में कमर्शियल मार्केट भी तैयार किया गया है। इन दुकानों और मार्केट से निगम की आय बढऩे के साथ स्थानीय स्तर पर कारोबार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। भविष्य में भी शहर के अन्य उपयुक्त स्थानों पर निगम की संपत्तियों का व्यावसायिक उपयोग बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।
-सुनीता दयाल
महापौर

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||