Image Slider


केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के चिरयिनकीझु में शुक्रवार रात कांग्रेस विधायक राम्या हरिदास और स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। झड़प का वीडियो भी सामने आया है। इसमें राम्या के साथ कुछ लोग हाथापाई करते दिख रहे हैं। लोगों ने विधायक का हाथ पीछे की ओर मरोड़ दिया। वीडियो में विधायक अपना हाथ छोड़ने के लिए कहती हैं और सामने मौजूद व्यक्ति से पूछती हैं कि वह कौन है। घटना के बाद विधायक को चिरयिनकीझु तालुक अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस ने उनकी शिकायत पर जिला पंचायत सदस्य सजित मुथंबलम और पार्टी नेता साजद समेत 7 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। वॉट्सएप पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस के मुताबिक, विवाद विधायक के स्टाफ सदस्य पालयम प्रदीप के ब्लॉक पंचायत समिति की बैठक में शामिल होने को लेकर शुरू हुआ। हरिदास का कहना है कि प्रदीप उनके निजी सहायक के तौर पर काम करते हैं। वहीं, साजद का दावा है कि विधायक के पीए कोई और व्यक्ति हैं, जिसका नाम विमल है। हरिदास ने बताया कि इलाके में हाल ही में बैंक का चुनाव हुआ था। कांग्रेस के सदस्य तीन अलग-अलग पैनल से चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने किसी भी पैनल के सम्मेलन में शामिल होने से इनकार कर दिया था, ताकि किसी एक गुट का समर्थन करने का संदेश न जाए। इसके बाद साजद ने वॉट्सएप और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ टिप्पणियां कीं। हरिदास के मुताबिक, जब उन्होंने साजद से इन पोस्ट के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि सजित और विश्वनाथन के कहने पर पोस्ट किए गए थे। बाद में साजद ने उन्हें अपने घर बुलाकर इस मुद्दे पर बात करने के लिए कहा। विधायक ने लगाया धमकी और हमले का आरोप हरिदास के मुताबिक, वह कुछ लोगों के साथ साजद के घर पहुंचीं। इसी दौरान सजित, अधीश, बिनॉय और कई अन्य लोग भी वहां आ गए। विधायक का आरोप है कि सजित ने उनके साथ आक्रामक व्यवहार किया और उन्हें धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि सजित ने कहा कि जिस तरह वह वहां आई हैं, उसी तरह पैरों से चलकर वापस नहीं जा पाएंगी। हरिदास ने इसे अपने और अपने साथियों को नुकसान पहुंचाने की साजिश बताया। घटना में उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर 7 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साजद का आरोप- विधायक और उनके साथी घर पहुंचे साजद ने विधायक के आरोपों को खारिज करते हुए घटना का अलग पक्ष बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के वॉट्सऐप ग्रुप में प्रदीप के ब्लॉक पंचायत समिति की बैठक में शामिल होने पर सवाल उठाया था। उनका आरोप है कि विधायक बनने के बाद से प्रदीप इलाके में जरूरत से ज्यादा दखल दे रहे हैं। साजद के मुताबिक, उन्होंने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे यह पोस्ट किया था। इसके बाद रात में राम्या हरिदास, प्रदीप और कुछ अन्य लोग उनकी चिकन शॉप पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनकी पत्नी और बेटी से मिलने की मांग की और बाद में उन्हें दुकान से जबरन घर ले गए। साजद ने बताया कि कुछ स्थानीय कांग्रेस नेता, जिनमें सजित भी शामिल थे, रास्ते में उनके साथ हो गए। घर पहुंचने के बाद प्रदीप ने मोबाइल निकाला और उनकी बेटी से वॉट्सऐप पोस्ट पढ़ने को कहा। साजद के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। उनका दावा है कि इसी दौरान सजित ने विधायक से सवाल-जवाब किए और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सामने आया साजद का दावा है कि वीडियो में दिख रही झड़प उस समय हुई, जब हरिदास घटना की रिकॉर्डिंग कर रहे व्यक्ति की तरफ बढ़ीं। उन्होंने विधायक के इस दावे को भी खारिज किया कि उन्हें चाय पर बातचीत के लिए घर बुलाया गया था। उनके मुताबिक, विधायक और उनके साथी वॉट्सऐप पोस्ट को लेकर विवाद करने के बाद उनके घर पहुंचे थे। साजद ने पुलिस में शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। उनकी पत्नी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि पुलिस ने अभी तक दोनों के बयान दर्ज नहीं किए हैं। पुलिस ने कहा है कि साजद की शिकायत के आधार पर अलग मामला दर्ज किया जाएगा। कांग्रेस कराएगी मामले की प्रारंभिक जांच घटना के बाद कांग्रेस के तिरुवनंतपुरम जिला नेतृत्व और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले का संज्ञान लिया है। पार्टी ने विवाद की प्रारंभिक जांच कराने का फैसला किया है। जांच के दौरान विधायक राम्या हरिदास और संबंधित कांग्रेस कार्यकर्ताओं, दोनों का पक्ष सुना जाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||