-दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का लर्निंग ट्विस्ट स्कूल में हर्षोल्लास के साथ हुआ समापन
-बालिका वर्ग में केडीबी प्रथम, बालक वर्ग में लर्निंग ट्विस्ट ने मारी बाजी
-रोमांचक मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने दिखाया खेल कौशल, विजेता टीमों को किया गया सम्मानित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रईसपुर रोड स्थित एनडीआरएफ गोविंदपुरम के पास लर्निंग ट्विस्ट स्कूल में 25 से 26 अगस्त (बुधवार) तक आयोजित अंडर-19 यूपी स्टेट चाकबाल चैंपियनशिप का बुधवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे खिलाडिय़ों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी, जिससे मैदान पर रोमांच बना रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. सतबीर सिंह, दिव्या नर्सिंग होम से शिवांशु त्यागी, मनीष सिसोदिया, डॉ. प्रवीण कुमार, तिवारी जी, मनोज चौधरी, नरेश चौधरी, कपिल शर्मा, मनोज पवार, जुगेश वर्मा एवं आभा शर्मा सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति की सराहना की। चैंपियनशिप के बालिका वर्ग में केडीबी ने 21 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इंडिया इंटरनेशनल स्कूल 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं द लर्निंग ट्विस्ट और सीएसपी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग के मुकाबलों में खिलाडिय़ों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतिभागियों ने शानदार तालमेल और आत्मविश्वास के साथ अपनी टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया। बालक वर्ग में द लर्निंग ट्विस्ट स्कूल ने 24 अंक के साथ प्रथम स्थान हासिल कर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया। इंडिया इंटरनेशनल स्कूल 17 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि केडीबी और होली ट्रिनिटी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाडिय़ों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रदर्शन किया। अंतिम मुकाबलों में हर अंक के लिए खिलाडिय़ों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। समापन समारोह में अतिथियों ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विद्यालय प्रबंधन और समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के दौरान खिलाडिय़ों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। प्रतियोगिता में मंगल सिंह, मोहित चौधरी, अंकित चौधरी और सौरभ कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाते हुए सभी मुकाबलों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। लर्निंग ट्विस्ट स्कूल के प्रबंधक प्रदीप चौधरी, सह प्रबंधक अमरेश सिंह और प्रधानाचार्य करणवीर त्यागी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाडिय़ों, अतिथियों, निर्णायकों और स्कूल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे बढऩे के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
दो दिनों तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन में खिलाडिय़ों ने खेल भावना और अनुशासन की शानदार मिसाल पेश की। प्रतियोगिता के समापन के साथ विजेता टीमों के खिलाडिय़ों के चेहरे पर जीत की खुशी साफ नजर आई। आयोजन ने न केवल खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित भी किया। समापन समारोह में मौजूद अतिथियों और स्कूल स्टाफ ने खिलाडिय़ों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



