Image Slider

लखनऊः उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है. ऐसे में शहर-गांव की सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं, जिसके चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है. इसके अलावा मौसम विभाग ने आज भारी बारिश को लेकर कई जिलों में अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया है.

बहराइच में भी स्कूल हुए बंद
बहराइच जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया गया है. जिले में भारी बारिश की संभावनाओं को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है. साथ ही सभी सरकारी, गैर सरकारी और मदरसा बंद रहेंगे. जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. बारिश की संभावनाओं को लेकर डीएम के निर्देश पर विद्यालयों में छुट्टी हुई है.

हरदोई और प्रयागराज में स्कूल हुए बंद
वहीं हरदोई जिले में लगातार बारिश और इलाकों में जलभराव को देखते हुए 18 अगस्त को छात्रों के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए लागू बताया गया है. जिले में बारिश के कारण सड़कें प्रभावित होने और बच्चों के स्कूल आने-जाने में परेशानी की आशंका को देखते हुए सुरक्षा की प्राथमिकता दी है. वहीं प्रयागराज जिले में भारी बारिश और जलभराव के चलते जिला प्रशासन ने आज 18 अगस्त को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्डों के स्कूलों में छुट्टी घोषित किया है.

इन जिलों में आज होगी मूसलाधार बारिश
अंबेडकर नगर, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हरदोई, जौनपुर, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, संभल, भदोही, शाहजहांपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर और वाराणसी व आसपास के इलाके में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है. वहीं अमेठी, अमरोहा, आजमगढ़, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कौशांबी, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र और उन्नाव व आसपास के इलाके में बारिश का येलो अलर्ट जारी है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||