Last Updated:
Nishan Madushka injured on KL Rahul sweep shot: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन उस समय मैदान पर टेंशन का माहौल बन गया, जब श्रीलंकाई बल्लेबाज निशान मदुश्का के हेलमेट पर तेज गेंद जा लगी. मदुश्का शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे थे और केएल राहुल के स्वीप शॉट की सीधी चपेट में आ गए. इसके बाद मदुश्का को मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा.
केएल राहुल के स्वीप शॉट पर श्रीलंकाई खिलाड़ी चोटिल.
राहुल के जोरदार स्वीप पर चोटिल मदुश्का
यह घटना प्रभात जयसूर्या के ओवर में हुई. राहुल ने गेंद को पढ़ते हुए घुटने के बल बैठकर शानदार स्वीप शॉट खेला. शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे मदुश्का गेंद की सीधी लाइन में आ गए. मदुश्का ने जैसे ही गेंद को अपनी ओर आते देखा, उन्होंने बचने के लिए सिर नीचे कर लिया, लेकिन गेंद इतनी तेजी से आई कि वह पूरी तरह उससे बच नहीं सके. गेंद उनके हेलमेट के ठीक बीच में जा लगी और इसके बाद फाइन लेग की दिशा में चली गई.
गेंद लगने के बाद राहुल खुद भी काफी चिंतित नजर आए. वह शुरुआत में रन लेने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन यशस्वी जायसवाल तब तक आधी पिच पार कर चुके थे. ऐसे में राहुल को रन पूरा करना पड़ा. रन पूरा होते ही राहुल सीधे मदुश्का के पास पहुंचे और उनका हाल जाना. इस दौरान श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ी भी उनके आसपास नजर आए.
फिजियो ने की जांच के बाद मैदान से बाहर गए
गेंद हेलमेट पर लगने के बाद श्रीलंकाई टीम के फिजियो ने मदुश्का की जांच की. उनके कन्कशन से जुड़े टेस्ट भी किए गए. इसके बाद उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए मैदान से बाहर ले जाया गया. फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट की ओर से मदुश्का की चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है. ऐसे में उनकी स्थिति पर आगे की जानकारी का इंतजार है.
पहले सेशन में भारत ने बनाए 101 रन
केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल की शानदार बल्लेबाजी से भारत ने यशस्वी जायसवाल के दुर्भाग्यपूर्ण रूप से आउट होने के बावजूद श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन लंच तक अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 101 रन बनाए. लंच के समय सलामी बल्लेबाज राहुल 32 रन और देवदत्त पडिक्कल 35 रन पर खेल रहे थे. इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 16 ओवरों में 54 रन जोड़ लिए थे. अगर जायसवाल दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट नहीं होते तो भारत के लिए पहला सत्र और अच्छा हो सकता था. जायसवाल गेंदबाज से टकराने के बाद अपना संतुलन खो बैठे और इस बीच राहुल के साथ गफलत में उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा. दोनों बल्लेबाज आपस में तालमेल नहीं बिठा पाए और नॉन-स्ट्राइकर छोर पर पहुंच गए. इस कारण 37 गेंदों पर 32 रन बनाने वाले जायसवाल को पवेलियन लौटना पड़ा.
About the Author
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



