Image Slider

UP News: यहां आपको हर तरह की खबरें मिलेंगी. राज्य में होने वाली बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें भी यहां आपको जानने को मिलेगी. फिलहाल अतीक अहमद के बेटे उमर के काफिले पर शिकंजा कसा गया है. टोल बैरियर तोड़ने वाली 6 गाड़ियां जब्त की गई हैं. वहीं, आज स्वतंत्रता कार्यक्रम कई जगह होंगे. इसके अलावा, बुलंदशहर में एक देवर ने अपनी ही भाभी की हत्या कर दी. ऐसी कुछ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज18 के साथ बने रहें.

लखनऊ में संदिग्ध हालात में कटी युवक की गर्दन

लखनऊ: हुसैनगंज इलाके में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला. युवक की गर्दन आधे से ज्यादा कटी हुई थी और उसके ठीक पास में खून से सना एक चाकू पड़ा हुआ था. घटनास्थल की स्थिति को देखकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची हुसैनगंज पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

संभल के मदरसे में स्वतंत्रता दिवस की धूम, टीचर बोले- ‘मदरसों का आजादी की जंग में बड़ा योगदान’

संभल के मरकजी मदरसा अहले सुन्नत अजमल उलूम में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया. मदरसे में तिरंगा फहराकर आजादी की सालगिरह मनाई गई. इस दौरान मदरसा टीचर ने कहा कि देश की आजादी की जंग में मदरसों का बड़ा योगदान रहा है. उन्होंने कहा, “मदरसों का योगदान नहीं होता तो देश आजाद नहीं होता.” समारोह में शिक्षकों और छात्रों ने देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया.

 

 

बदायूं में कांवड़ियों पर चढ़ा ई-रिक्शा, चालक को छोड़ने की खबर पर हाईवे जाम

बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र में बीआरवी कॉलेज के पास पेट्रोल पंप पर आराम कर रहे तीन कांवड़ियों पर बीती रात ई-रिक्शा चढ़ गया. हादसे में घायल कांवड़ियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. कांवड़ियों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. सुबह चालक को पुलिस द्वारा छोड़ने की सूचना पर कांवड़ियों ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया. सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाया. घायल कांवड़ियों को बेहतर इलाज के लिए बरेली भेजा गया.

कानपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, 4 पिस्टल के साथ असलहा तस्कर गिरफ्तार

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कानपुर STF यूनिट ने कार्रवाई करते हुए एक असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है. STF ने छावनी के चेतन ग्राउंड से कासगंज निवासी ललित चौहान को दबोचा. आरोपी के पास से 4 पिस्टल और .32 बोर की 4 मैग्जीन बरामद हुई हैं. पूछताछ में उसके मध्य प्रदेश के खरगौन से पिस्टल लाने की बात सामने आई है. आरोपी कानपुर के छावनी इलाके में हथियार पहुंचाने आया था. कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सोनभद्र में शान से लहराया तिरंगा, डीएम चर्चित गौड़ ने दी सलामी

सोनभद्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम चर्चित गौड़ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. इसके बाद गांधी उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए. इस दौरान अमर सेनानियों और वीर बलिदानियों के त्याग व राष्ट्रसेवा को नमन किया गया. अधिकारी-कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया.

 

लखनऊ में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार मजदूरों की मौत

लखनऊ के गोसाईगंज में सुल्तानपुर हाईवे पर ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई. हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत चार लोग ट्रॉली के नीचे दब गए. सूचना पर पुलिस, फायर सर्विस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रॉली हटाकर सभी को बाहर निकाला. संदीप रावत, पीतांबर रावत और पवन रावत को गोसाईगंज CHC में मृत घोषित किया गया. वहीं, ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय बलराम रावत की भी मौत हो गई. पीतांबर ट्रैक्टर चला रहा था, जबकि बाकी तीनों ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे.

मायावती ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी

बसपा चीफ मायावती ने देश व दुनिया भर में रहने वाले समस्त भारतीय नागरिकों व उनके परिवार वालों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनायें दीं. कहा कि आज आजादी के दिन को सभी लोग जितने भी हर्ष व उल्लास से आपसी भाईचारा व मेलजोल के साथ मनाएं वह कम ही होगा, जबकि उच्च संवैधानिक व कानूनी ओहदों पर बैठे लोग अपने दायित्वों के प्रति भी ज़्यादा सचेत रहें तो यह बेहतर, क्योंकि जनता वास्तविक देश व जनहित के प्रति उनकी सही और सच्चे उत्तरदायित्व की अपेक्षा अब ज़्यादा करने लगी है.
स्वतंत्रता दिवस जैसे ख़ास मौक़ों पर लोग यह उम्मीद रखते हैं कि यहां की उच्च संस्थायें भारतीय संविधान के ‘चेक एण्ड बैलेन्स’ के उद्देश्य व ज़िम्मेदारी को पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ निभायेंगी, तभी भारत के गणतंत्र होने का सही लाभ यहां के ख़ासकर करोड़ों दलितों, आदिवासियों, अति-पिछड़ों, मुस्लिम व अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों सहित सर्वसमाज के ग़रीबों, मज़दूरों, किसानों, युवाओं व महिलाओं तथा अन्य मेहनतकश लोगों को, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार-मुक्त, ख़ुशी व खुशहाली की ज़िन्दगी के रूप में मिलेगा और यहाँ का लोकतंत्र व पवित्र संविधान सभी लोगों की उम्मीदों के अनसार सार्थक सिद्ध होगा। यही आज के दिन का संदेश.

कासगंज में ट्रेन की चपेट में आया बकरियों का झुंड, 18 से ज्यादा की मौत

कासगंज: गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के चिरोला गांव के पास रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा हो गया. कासगंज से फर्रुखाबाद जा रही ट्रेन की चपेट में आने से 18 से अधिक बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ बकरियां घायल बताई जा रही हैं. हादसे के बाद पशुपालकों में कोहराम मच गया. मृत बकरियों को देखकर परिजन भावुक हो गए. पीड़ित पशुपालकों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है.

 

 

CM योगी से सेशेल्स के उच्चायुक्त हरिसोआ ललातियाना एकौचे ने की मुलाकात

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारत में सेशेल्स के उच्चायुक्त हरिसोआ ललातियाना एकौचे ने आज सीएम आवास पर मुलाकात की. दोनों के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई.

पल्लवी पटेल ने अतीक के बेटे एहजम से की मुलाकात, आबान की मौत पर जताया दुख

प्रयागराज: अपना दल कमेरावादी की नेता और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने माफिया अतीक अहमद के बेटे एहजम से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में हुई मौत पर दुख जताया. आबान की 6 अगस्त को प्रयागराज से झांसी जाते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. गौरतलब है कि अतीक अहमद का कभी अपना दल से भी जुड़ाव रहा था.

लव मैरिज से नाराज परिजनों ने युवक पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

प्रतापगढ़: लव मैरिज से नाराज लड़की के परिजनों पर युवक की हत्या का आरोप लगा है. कुंडा कोतवाली में मुकदमे में बयान देकर लौट रहे युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया था. गंभीर हालत में उसे प्रयागराज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में लड़की के चाचा समेत 4 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि 29 जून को बरई गांव के प्रेमी जोड़े ने घर से भागकर दिल्ली में कोर्ट मैरिज की थी. शादी से लड़की के परिजन नाराज थे. हमला हथिगवां थाना क्षेत्र के सुआनारी गांव के पास हुआ था.

NRHM घोटाले में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को झटका, जमानत खारिज

लखनऊ: करोड़ों रुपये के NRHM घोटाले में आरोपी बहराइच के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव की जमानत अर्जी एंटी करप्शन कोर्ट ने खारिज कर दी. कोर्ट ने मामले को गंभीर बताते हुए जमानत देने से इनकार किया. अभियोजन ने बताया कि विजिलेंस जांच में श्रावस्ती के सरकारी अस्पतालों में दवा और उपकरणों की खरीद-सप्लाई में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई थी. आरोप है कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति वाउचर के नाम पर 10 से 25 फीसदी तक रिश्वत ली गई और बिना टेंडर छपाई का काम कराया गया. जांच रिपोर्ट के आधार पर 16 अप्रैल 2026 को FIR दर्ज हुई थी.

उमर के काफिले पर पुलिस का शिकंजा! टोल बैरियर तोड़ने वाली 6 गाड़ियां जब्त

माफिया अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद उमर के काफिले से जुड़े टोल विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. नवाबगंज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स न देने, बैरियर तोड़ने और टोलकर्मियों से अभद्रता के मामले में पुलिस ने अब तक 6 वाहनों को जब्त कर सीज कर दिया है. CCTV के आधार पर इस मामले में कुल 28 वाहनों को चिन्हित किया गया था. मामला 8 अगस्त का है, जब उमर को पुलिस कस्टडी में लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था. आरोप है कि सरकारी वाहन निकलने के बाद कुछ वाहन तेज और खतरनाक तरीके से टोल बैरियर तोड़कर निकल गए. मामले में टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जय प्रकाश यादव ने 9 अगस्त को नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था.

 

 

प्रयागराज में स्वतंत्रता दिवस पर डिप्टी CM का पूरा कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 9:15 बजे पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण से कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इसके बाद पुलिस लाइन में ध्वजारोहण, व्यापार मंडल कार्यक्रम और अखाड़ा महानिर्वाणी में संतों से मुलाकात करेंगे. शाम को केपी कॉलेज मैदान में तिरंगा बाइक रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. रात में पत्रकार परिवार मिलन समारोह समेत अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे. 16 अगस्त को वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के बाद कौशांबी रवाना होंगे और दोपहर 1 बजे लखनऊ लौटेंगे.

 

 

बुलंदशहर में  भाभी पर चाकू से हमला कर हत्या

उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के भाईपुरा गांव में मकान के बंटवारे के विवाद में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. देवर ने अपनी 50 वर्षीय भाभी पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी. हमले में मृतका की जीभ भी कट गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार भाईपुरा गांव में परिवार में मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. आज विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोपी देवर ने अपनी भाभी 50 वर्षीय बीना पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में बीना की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी जीभ भी कट गई. चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था. सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||