Image Slider

Last Updated:

सुपरस्टार यश ने सालों बाद उस घटना पर चुप्पी तोड़ी है, जब उनके एक 25 साल फैन ने खुदकुशी कर ली थी और अंतिम संस्कार में उन्हें बुलाने की आखिरी ख्वाहिश रखी थी. यश ने बताया कि उन्होंने वहां न जाने का फैसला जानबूझकर लिया था. उनका मानना था कि अगर वो वहां जाते, तो लोगों के बीच यह गलत संदेश जा सकता था कि स्टार्स का ध्यान खींचने का यह भी एक तरीका हो सकता है. यश ने साफ किया कि वह इस तरह की गलत सोच और आत्मघाती कदम को कतई बढ़ावा नहीं देना चाहते थे.

ख़बरें फटाफट

Zoom

यश ने फैन के अंतिम संस्कार में शामिल न होने की बताई वजह.

नई दिल्ली. कन्नड़ सुपरस्टार यश की तगड़ी फैन फॉलोइंग है. उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब रहते हैं. इस बीच उन्होंने अपने एक फैन को लेकर बात की जिसने साल 2021 में आत्महत्या कर ली थी. घटना के बाद कथित तौर पर एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसमें उसने अपनी जिंदगी को नाकामयाब बताया था. साथ ही, अपनी आखिरी ख्वाहिश के तौर पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और सुपरस्टार यश से अपने अंतिम संस्कार में शामिल होने की अपील की थी. इसके बाद सिद्धारमैया तो उसके अंतिम संस्कार में पहुंचे, लेकिन यश ने वहां न जाने का फैसला किया.

अब यश ने उस वक्त अपने फैन के अंतिम संस्कार में शामिल न होने की वजह बताई है. उन्होंने साफ किया कि वह ऐसी घटनाओं को किसी भी तरह से बढ़ावा नहीं देना चाहते थे. यश का कहना है कि वह नहीं चाहते थे कि लोगों के बीच यह गलत संदेश जाए कि लाइमलाइट या पब्लिसिटी पाने का यह भी एक तरीका हो सकता है.

फैन के अंतिम संस्कार में क्यों नहीं गए थे यश?

शो ‘आप की अदालत’ में जब यश से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘मुझे लगा कि अगर मैं उसके अंतिम संस्कार में गया, तो लोगों को लग सकता है कि ऐसा कदम उठाने से मैं आ जाऊंगा. यह सोच बिल्कुल गलत है. किसी इंसान के जाने के बाद उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने से क्या हासिल होगा? अगर मैं इसे बढ़ावा दूंगा तो यह सही नहीं होगा. मैं इस घटना से बेहद दुखी था और मुझे बहुत बुरा भी लगा, लेकिन अगर मैं वहां जाता तो शायद कई और लोग भी ऐसा कदम उठाने की सोचते. मुझे नहीं लगता कि यह सही रास्ता है.’

फैन ने फांसी लगाकर की थी आत्महत्या

इसके साथ ही यश ने यह भी साफ किया कि वह ऐसे फैंस से खुशी-खुशी मिलना पसंद करेंगे, जो अपनी जिंदगी में मेहनत करके कुछ सकारात्मक हासिल करते हैं. कर्नाटक के मांड्या जिले के कोडीदोड्डी गांव में एक 25 साल के युवक रामकृष्ण ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी. मांड्या पुलिस के मुताबिक, रामकृष्ण सुपरस्टार यश और कर्नाटक के तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष सिद्धारमैया का बहुत बड़ा फैन था.

यश ने फैन की मौत पर जताया था दुख

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही सिद्धारमैया तुरंत कोडीदोड्डी गांव पहुंचे और युवक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे. यश ने दुख जताते कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि मैं उससे कभी मिला था, लेकिन किसी फैन से ऐसी स्थिति में मिलना बेहद दुखद है. इतनी कम उम्र में किसी को भी ऐसा आत्मघाती कदम नहीं उठाना चाहिए.’ यश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट शेयर कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की थीं. उन्होंने लिखा था, ‘हम एक्टर्स आपकी सीटियों, तालियों और बेइंतहा प्यार के लिए ही जीते हैं. लेकिन अपने फैंस से ऐसे कदम की उम्मीद हम कभी नहीं करते.’

इस दिन रिलीज होगी यश की ‘टॉक्सिक’

वर्क फ्रंट की बात करें तो सुपरस्टार यश की मच-अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट कन्फर्म हो गई है. पहले यह फिल्म मार्च में रिलीज होने वाली थी, लेकिन मिडिल ईस्ट के हालातों और अनिश्चितता के चलते इसकी तारीख को आगे बढ़ाकर जून किया गया. वहीं अब, फिल्म आधिकारिक तौर पर इसी साल 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. इस फिल्म को गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है.

About the Author

authorimg

Kamta PrasadSenior Sub Editor

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||