कुछ गाने वक्त के साथ पुराने नहीं होते, बल्कि यादों के साथ और खास बन जाते हैं. 1991 में आई एक सुपरहिट रोमांटिक फिल्म का ऐसा ही गाना आज भी आशिकों के बीच बेहद लोकप्रिय है. दिलचस्प बात है कि यह गाना फिल्म का हिस्सा पहले था ही नहीं. रिलीज से ठीक पहले इसका ख्याल आया और महज 5 मिनट में बोल तैयार हो गए. फिल्म पूरी होने के बाद सलमान खान और माधुरी दीक्षित ने अगले ही दिन इसकी शूटिंग पूरी कर ली. फिल्म के साथ इसका संगीत भी ब्लॉकबस्टर साबित हुआ.
नई दिल्ली. कुछ गाने सिर्फ सुने नहीं जाते, जिए जाते हैं. वक्त गुजर जाता है, चेहरे बदल जाते हैं, लेकिन कुछ धुनें पहली मोहब्बत की तरह दिल में हमेशा जिंदा रहती हैं. 34 साल पहले आया एक ऐसा ही रोमांटिक गाना आज भी आशिकों के बीच उतना ही खास है. दिलचस्प बात ये है कि जिस गाने ने लाखों दिलों को छुआ, उसे बनाने की कहानी भी किसी फिल्मी किस्से से कम नहीं है. फिल्म पूरी हो चुकी थी, रिलीज डेट तय थी, लेकिन अचानक एक सुबह गाने का ख्याल आया. महज 5 मिनट में बोल लिखे गए और 24 घंटे के भीतर शूटिंग भी पूरी हो गई. बाद में वही गाना फिल्म की पहचान बना और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट का तमगा हासिल किया. उस ब्लॉकबस्टर गाने ने उस दौर में कई जवां दिल धड़काए और 35 साल बाद आज भी ये गाना आशिकों का फेवरेट है.
भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ कहानियां ऐसी हैं जो यह साबित करती हैं कि कभी-कभी आखिरी वक्त पर लिए गए अनियोजित फैसले ही इतिहास रच देते हैं. 30 अगस्त 1991 को रिलीज हुई सलमान खान, संजय दत्त और माधुरी दीक्षित स्टारर म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘साजन’ का मशहूर गाना ‘देखा है पहली बार, साजन की आंखों में प्यार’ इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. फिल्म के निर्माता सुधाकर बोकाडे थे, जबकि इसका संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया था और गीत समीर अंजान ने लिखे थे.
फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके संगीत ने भी दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी. ‘साजन’ के सभी 9 गाने बेहद लोकप्रिय हुए थे. फिल्म के संगीत की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नदीम-श्रवण को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर और कुमार सानू को बेस्ट प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था. ‘साजन’ के सबसे लोकप्रिय गानों में से एक ‘देखा है पहली बार, साजन की आंखों में प्यार’ था. मगर इस गाने की कहानी बेहद दिलचस्प है, क्योंकि शुरुआत में यह फिल्म का हिस्सा था ही नहीं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गीतकार समीर अंजान ने एक इंटरव्यू में इस किस्से को याद करते हुए बताया था कि फिल्म की रिलीज डेट घोषित हो चुकी थी और फिल्म पूरी होने के करीब थी. इसी दौरान वह नदीम-श्रवण के साथ नाश्ता कर रहे थे. अचानक उनके मन में फिल्म के टाइटल से जुड़ा एक गाना लिखने का ख्याल आया. समीर ने नदीम से अपनी बात कही. नदीम ने उनसे कहा कि अगर उनके पास कोई गाना है तो सुनाएं. इसके बाद समीर ने मुखड़ा सुनाया- ‘देखा है पहली बार, साजन की आंखों में प्यार.’ फोटो साभार-रेडिट
गाने का मुखड़ा सुनते ही नदीम को यह पसंद आ गया. समीर के मुताबिक, देखते ही देखते अगले 5 मिनट के भीतर यह गाना पूरा लिख दिया गया और नदीम-श्रवण की धुन पर कंपोज भी हो गया. गाना तैयार होने के बाद नदीम ने निर्माता सुधाकर बोकाडे को फोन कर बताया कि फिल्म के लिए एक और गाना रिकॉर्ड हो गया है. लेकिन बोकाडे ने उन्हें याद दिलाया कि फिल्म पूरी हो चुकी है और रिलीज डेट भी घोषित हो चुकी है. अब नए गाने की गुंजाइश नहीं है.
लेकिन नदीम-श्रवण इस गाने को फिल्म में शामिल कराने के लिए अड़ गए. जब प्रोड्यूसर ने कलाकारों की व्यस्तता का हवाला दिया तो नदीम ने खुद सलमान खान और माधुरी दीक्षित से तारीखें लेने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली. नदीम ने बिना देर किए सलमान खान को यह गाना सुनाया. सलमान को गाना इतना पसंद आया कि वे तुरंत शूटिंग के लिए तैयार हो गए. इसके बाद प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाडे और पूरी टीम अगले ही दिन ऊंटी पहुंची. फोटो साभार-रेडिट
सलमान खान और माधुरी दीक्षित ने बेहद पेशेवर अंदाज में केवल 24 घंटे के भीतर ‘देखा है पहली बार’ की पूरी शूटिंग निपटा दी. जब 30 अगस्त 1991 को निर्देशक लॉरेंस डिसूजा की यह फिल्म सिनेमाघरों में उतरी तो इस गाने ने थिएटरों में सीटीमार माहौल बना दिया. नदीम-श्रवण का यह दांव पूरी तरह से मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ. फिल्म ‘साजन’ के सभी 9 गाने ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर रहे, लेकिन ‘देखा है पहली बार’ की लोकप्रियता ने फिल्म को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया.
माधुरी दीक्षित और संजय दत्त को इस फिल्म के लिए 12-12 लाख रुपये मिले थे जबकि सलमान खान को 11 लाख रुपये मिले थे. यह सलमान खान की लगातार 7वीं सुपरहिट फिल्म थी.
इस फिल्म के लिए नदीम-श्रवण को ‘बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर’ और गायक कुमार सानू को ‘बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर’ का प्रतिष्ठित फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. महज 1.58 से 2.5 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ते हुए दुनियाभर में 18.35 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया और 1991 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ब्लॉकबस्टर फिल्म बनी.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



