Image Slider

Last Updated:

Mirzapur The Movie: OTT की सबसे चर्चित वेब सीरीज में शुमार ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर भौकाल मचाने को तैयार है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी की कहानी नए अंदाज में आगे बढ़ेगी. फिल्म के ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसको लोग पसंद कर रहे हैं. ओटीटी की ब्लॉकबस्टर सीरीज क्यों बड़े पर्दे पर आ रही हैं. इसका खुलासा हाल ही में फरहान अख्तर ने किया है. फिल्म में पुराने किरदारों के साथ नए चेहरे भी नजर आएंगे.

Top Deals Inside

नई दिल्ली. OTT पर अपनी अलग पहचान बना चुकी ‘मिर्जापुर’ की कहानी अब सिनेमाघरों में भौकाल मचाने के लिए तैयार है. कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे किरदारों की इस दुनिया को बड़े पर्दे पर लाने के पीछे आखिर वजह क्या रही? ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर फैंस लंबे समय से सवाल कर रहे थे और अब प्रोड्यूसर फरहान अख्तर ने खुद इसका राज खोल दिया है. उन्होंने बताया कि फिल्म बनाने का फैसला किसी एक शख्स का नहीं, बल्कि दर्शकों के लगातार प्यार और डिमांड का नतीजा है. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर प्रोड्यूसर फरहान अख्तर ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के बनने की कहानी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया.

ओटीटी में तहलका मचाने वाली सुपरहिट वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब एक नए और भव्य अवतार में बड़े पर्दे पर गद्दी हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है. मंगलवार की शाम को आयोजित एक शानदार ट्रेलर लॉन्च इवेंट में निर्माताओं ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया. जिसको देखने के बाद फैंस के बीच जोश सातवें आसमान पर है. एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी द्वारा प्रस्तुत इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है. ये मोस्टअवेटेड फिल्म आगामी 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.

ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने खुलकर बात की और बताया कि आखिर क्यों इस सीरीज को सिनेमाघरों तक लाने का फैसला किया गया. उन्होंने खुलासा किया कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ असल में दर्शकों के अटूट प्यार और भारी मांग का सीधा परिणाम है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में सीरीज के लेखक पुनीत कृष्णा के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

फरहान ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘जब पुनीत पहली बार हमारे पास आए तो हमारा पहला इंस्टिंक्ट यही था कि इन्हें एक डॉक्टर के पास ले जाना चाहिए. लेकिन फिर हमने सोचा कि अगर हम इस शो को बनाएंगे तो लोग इससे जुड़ पाएंगे. गुरु (निर्देशक गुरमीत सिंह) और पुनीत इस शो के असली हीरो हैं.’ वहीं, निर्माता रितेश सिधवानी ने यह भी साफ किया कि इस फिल्म को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि जिन दर्शकों ने इस सीरीज के पिछले सीजन नहीं देखे हैं, वे भी इसका पूरा लुत्फ उठा सकेंगे. उन्होंने कहा कि पुनीत कृष्णा ने इसे बड़े कैनवास पर इतनी खूबसूरती से गढ़ा है कि कोई भी सिनेमाहॉल में इसका आनंद ले सकता है और शायद फिल्म देखने के बाद पुरानी सीरीज भी देखने के लिए प्रेरित हो जाए.

2018 में शुरू हुई ‘मिर्जापुर’ सीरीज ने उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि में अपराध, राजनीति और सत्ता के संघर्ष को जिस बेबाकी से परदे पर उतारा, उसने भारतीय मनोरंजन जगत में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया. इसके बाद आए सीजन 2 और सीजन 3 को भी फैंस से खूब सराहना मिली. अब इस फिल्म में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे चहेते किरदारों की कहानी और अधिक व्यापक और रोमांचक रूप में सामने आएगी .

ट्रेलर लॉन्च के मौके पर कलाकारों ने अपने किरदारों और शूटिंग के अनुभवों को साझा किया. कालीन भैया के रूप में घर-घर में अपनी धाक जमाने वाले दिग्गज एक्टर पंकज त्रिपाठी ने अपने चिरपरिचित गंभीर अंदाज में कहा कि आज के शोरगुल भरे दौर में खामोशी की ताकत सबसे बड़ी होती है. उन्होंने कहा कि हमारे चारों तरफ इतनी आवाजें हैं कि अगर थोड़ी सी भी चुप्पी हो तो वह बहुत शक्तिशाली महसूस होती है. दिल से निकलने वाले शब्दों को बहुत ज्यादा आवाज या वॉल्यूम की जरूरत नहीं होती.

गुस्से और बदला लेने की आग में सुलगने वाले गुड्डू पंडित यानी एक्टर अली फजल ने पूरी टीम की मेहनत की सराहना की. उन्होंने कहा कि सीजन 1 से लेकर इस फिल्म तक का सफर एक परिवार की तरह रहा है और इसमें पर्दे के पीछे काम करने वाले हर एक विभाग के लोगों का अहम योगदान है. अपने किरदार के विकास पर बात करते हुए अली ने कहा कि हम सबके भीतर एक बच्चा छिपा होता है, जिसे हमें तलाशना और बचाकर रखना होता है.

वहीं, मुन्ना त्रिपाठी के रूप में पर्दे पर वापसी कर रहे एक्टर दिव्येंदु ने अपने मजाकिया और दबंग अंदाज से सबका दिल जीत लिया. उन्होंने अपने किरदार के नाटकीय कमबैक और उसके अमर होने के दावे पर चुटकी लेते हुए कहा, ‘शुरुआत में यह एक गलती थी, जिस पर हर कोई सहमत है. किसी की एंट्री तभी होती है जब वह कहीं गया हो. मैं एक हिंदी फिल्म का हीरो हूं, मैं अमर हूं और मेरा कुछ नहीं हो सकता.’

फिल्म में गोलू गुप्ता का रोल निभाने वाली एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी शर्मा ने हिंसा और उसके परिणामों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि गोलू को न तो खामोशी पसंद है और न ही हिंसा. लेकिन मिर्जापुर की दुनिया ने यह सबक सिखाया है कि जो भी हिंसा का रास्ता चुनता है, उसे उसकी सजा जरूर मिलती है. उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे हिंसा का आनंद केवल पर्दे पर ही लें, वास्तविक जीवन में नहीं.

इसके अलावा, सीरीज में बबलू पंडित के रूप में जुड़ने वाले लोकप्रिय एक्टर जितेंद्र कुमार, रसिका दुग्गल, रवि किशन, हर्षिता गौर, श्रिया पिलगांवकर, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग और जितेंद्र कुमार जैसे कई शानदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. निर्देशक गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म आगामी 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||