नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भले ही बारिश और कोहरे के दौरान सुरक्षित लैंडिंग हो सकती है, लेकिन इससे परिसर में जलभराव नहीं रुक सकता। इसकी बानगी मंगलवार को हुई बारिश में दिखी। परिसर में पानी भर गया और पार्किंग तक जाने वाला रास्ता बाधित हो गया।
जलभराव के बाद एयरपोर्ट के कर्मचारी पानी निकालने का प्रयास करते रहे। लोगों ने इसके वीडियो बना लिए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। खराब मौसम के कारण मंगलवार को धर्मशाला की उड़ान भी रद्द कर दी गई। नोएडा एयरपोर्ट कैट-थ्री टेक्नोलॉजी से लैस है और यहां पर मूसलाधार बारिश और कोहरे के दौरान भी सुरक्षित लैंडिंग हो सकती है।
एयरपोर्ट, केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। 15 जून को कॉमर्शियल उड़ान शुरू हुई थी। अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए हैं कि यहां की व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान लगने लगे हैं। मंगलवार को दोपहर 1 बजे के बाद जब बारिश शुरू हुई, तो एयरपोर्ट के टर्मिनल से निकलकर पार्किंग और टैक्सी स्टैंड तक जाने वाले अंडरग्राउंड कंपाउंड में बने सब-वे में पानी भरने लगा। कुछ ही वक्त में पानी पूरे कंपाउंड में फैल गया। यात्रियों को भी परेशानी हुई और उन्हें घूमकर दूसरे रास्ते से एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार तक जाना पड़ा।
लोगों ने उठाए सवाल
कुछ लोगों ने जलभराव के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाया है। लोगों का कहना है कि 11 हजार करोड़ रुपये से बनकर तैयार हुए इंटरनेशनल एयरपोर्ट में जल निकासी की व्यवस्था तक नहीं है।
तुरंत साफ करा दिया गया था पानी
एयरपोर्ट के जनसंपर्क विभाग ने कहा बारिश के बाद टर्मिनल और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले मार्ग पर पानी भर गया था, लेकिन एयरपोर्ट की टीम ने 30 मिनट के अंदर ही व्यवस्था को सामान्य कर दिया। इससे उड़ानों के संचालन या एयरपोर्ट के कामकाज पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



