Last Updated:
Akash Choudhary 8 consecutive sixes: लगातार आठ गेंदों पर छक्के का रिकॉर्ड 2025 में मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के बीच हुए एक रणजी ट्रॉफी मैच में बना. मेघालय के लिए खेलते हुए आकाश चौधरी के बल्ले से ऐसा तूफान देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. उन्होंने लगातार 8 छक्के लगाने का असंभव कारनामा तो किया ही, साथ ही फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी ठोकने वाले बल्लेबाज भी बन गए.
आकाश चौधरी ने 2025 रणजी ट्रॉफी में किया था कमाल.
दरअसल, मेघालय के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले आकाश कुमार चौधरी ने 9 नवंबर 2025 को रणजी ट्रॉफी में यह कारनामा कर दिखाया था. इस बल्लेबाज ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 14 गेंदों में नाबाद 50 रन ठोक दिए थे. इस दौरान उन्होंने लगातार आठ गेंदों को छक्के के लिए स्टैंड्स में भेजकर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इतिहास रच दिया. वह ये करिश्मा करने वाले इतिहास में पहले बल्लेबाज बने.
एक ओवर में जड़े लगातार 6 छक्के
सूरत के सीके पिथावाला ग्राउंड पर खेले गए रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के मुकाबले में मेघालय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया. आकाश कुमार चौधरी जब बल्लेबाजी के लिए उतरे, तब टीम का स्कोर 576/6 था. नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए आकाश ने शुरुआत में एक डॉट गेंद खेली और फिर दो रन लिए. इसके बाद उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर लिमार डाबी के ओवर में लगातार छह छक्के जड़ दिए. यह अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि थी. लेकिन आकाश यहीं नहीं रुके. अगले ही ओवर में ऑफ स्पिनर टीएनआर मोहित की पहली दो गेंदों पर भी उन्होंने छक्के लगा दिए. इस तरह उन्होंने लगातार आठ गेंदों पर आठ छक्के जड़ने का अनोखे कारनामे को अंजाम दिया.
सोबर्स और शास्त्री के क्लब में हुए शामिल
एक ही ओवर में छह छक्के लगाना फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दुर्लभ उपलब्धि मानी जाती है. आकाश से पहले सिर्फ दो बल्लेबाजों ने ऐसा किया था. 1968 में वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स ने यह उपलब्धि हासिल की थी. इसके बाद 1985 में भारत के पूर्व ऑलराउंडर रवि शास्त्री ने एक ओवर में छह छक्के लगाए थे. आकाश ने इन दोनों दिग्गजों की बराबरी तो की ही, अगले ओवर की पहली दो गेंदों पर छक्के लगाकर लगातार आठ छक्कों का नया रिकॉर्ड भी बना दिया.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी का बनाया रिकॉर्ड
आकाश कुमार चौधरी ने सिर्फ छक्कों से ही रिकॉर्ड नहीं बनाया. उन्होंने महज 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करके फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड भी बना डाला. इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के वेन व्हाइट के नाम था, जिन्होंने 2012 में लीसेस्टरशायर की ओर से एसेक्स के खिलाफ 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. आकाश ने इस रिकॉर्ड को एक गेंद के अंतर से पीछे छोड़ दिया.
उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद मेघालय ने अपनी पहली पारी 629/8 के स्कोर पर घोषित की. आकाश के नाम इस पारी में क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाला एक ऐसा रिकॉर्ड जुड़ गया, जिसे तोड़ना आसान नहीं होगा. आकाश कुमार चौधरी की यह पारी भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे विस्फोटक रिकॉर्ड्स में हमेशा याद की जाएगी.
About the Author
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



