Image Slider

नई दिल्ली: किसी भी क्रिकेटर के लिए हमेशा उसका डेब्यू मैच बहुत खास होता है. चाहे ये डेब्यू घरेलू स्तर का हो या फिर इंटरनेशनल लेवल का. हर खिलाड़ी की यही कोशिश रहती है कि वह अपने डेब्यू को यादगार बनाए, लेकिन कभी-कभी डेब्यू पर ही ऐसा कांड हो जाता है कि जीवनभर उसे नहीं भुलाया जाता है. ऐसा ही कुछ भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन के साथ उनके टेस्ट डेब्यू पर हुआ था.

धवन का टेस्ट डेब्यू साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में हुआ था. डेब्यू टेस्ट में धवन मुरली विजय के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे थे. भारतीय पारी में मिचेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया की तरह से पहला ओवर करने और पहली ही गेंद पर बिना स्ट्राइक लिए धवन के साथ कांड हो गया, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क की वजह से उन्हें जीवनदान मिल गया.

टेस्ट डेब्यू में धवन के साथ क्या हुआ था?

मुरली विजय के साथ अपने डेब्यू में धवन ने ओपनिंग की थी, लेकिन उन्होंने पहले स्ट्राइक नहीं लिया था. मिचेल स्टार्क भारतीय पारी में पहला ओवर डालने आए. ओवर की पहली डिलिवरी डालते हुए गेंद उनके हाथ से छिकट गई और धवन के स्ट्राइक एंड वाली विकेट से जा लगी. गेंद लगते ही बेल्स नीचे गिर गए. ये घटना तब हुई जब धवन अपने क्रीज से रन के लिए थोड़ा सा बाहर निकल चुके थे.

कुछ देर के लिए किसी को कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ है, लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि अनजाने में ही सही शिखर धवन अपने डेब्यू टेस्ट पर बिना एक भी गेंद खेले आउट हो गए हैं, लेकिन असली ट्विस्ट तब आया जब ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क ने धवन के रनआउट की अपील को वापस ले लिया और डेब्यू पर उन्हें जीवनदान दे दिया. क्लार्क ने ऐसा शायद ये सोच कर किया हो कि किसी खिलाड़ी के इंटरनेशनल डेब्यू को खराब न किया जाए, लेकिन यही उनकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई.

जीवनदान के बाद धवन ने 187 रन कूट दिए

बिना कोई गेंद खेले आउट होने के बावजूद शिखर धवन को जो जीवनदान मिला उसका उन्होंने बखूबी फायदा उठाया. धवन ने धुआंधार अंदाज बल्लेबाजी करते हुए अपने डेब्यू पर 174 गेंद में 187 रन कूट दिए. अपनी इस पारी में धवन ने 33 चौके और 2 छक्के भी लगाए. इस तरह धवन ने अपने टेस्ट डेब्यू को यादगार बनाया, जिसे वह शायद कभी याद नहीं करना चाहते.

टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीता था मोहाली टेस्ट

शिखर धवन की दमदार बल्लेबाजी से टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को मोहाली टेस्ट में 6 विकेट से हराया था. मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 408 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में शिखर धवन के अलावा मुरली विजय की शतकीय पारी से टीम इंडिया ने 499 रन बना डाले और 91 रनों की लीड हासिल की. इसके बाद दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम 223 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को चौथी पारी में जीत के लिए सिर्फ 132 रनों का टारगेट मिला, जिसे टीम इंडिया ने सिर्फ 4 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. टीम इंडिया के लिए दूसरी पारी में धवन की बल्लेबाजी नहीं आई थी.

शिखर का इंटरनेशनल करियर कैसा रहा

पूर्व दिग्गज शिखर धवन का टीम इंडिया के लिए शानदार करियर रहा. धवन भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैचों में मैदान पर उतरे. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 7 शतक और 5 अर्धशतक के साथ 2315 रन बनाए. इसके अलावा वनडे में उनके नाम 6793 रन दर्ज है. धवन ने वनडे में 17 शतक और 39 अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 1759 रन हैं.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||