Image Slider

नई दिल्ली. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज आमतौर पर अपनी आग उगलती गेंदों से विरोधी बल्लेबाजों के स्टंप्स उखाड़ने के लिए जाने जाते हैं. लेकिन श्रीलंका एकादश के खिलाफ खेले गए तीन दिवसीय अभ्यास मैच में उन्होंने अपने बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि हर कोई हैरत में पड़ गया. भारत को जीत के लिए अंतिम ओवर में 16 रनों की दरकार थी और क्रीज पर मौजूद सिराज ने किसी धाकड़ फिनिशर की तरह अंदाज दिखाते हुए लगातार तीन छक्के जड़कर टीम को एक यादगार जीत दिला दी. इस मुकाबले में सिराज का रुद्र रूप ही भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा आकर्षण साबित हुआ, जिन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से यह साबित कर दिया कि जरूरत पड़ने पर वह निचले क्रम में मैच पलटने का माद्दा रखते हैं.

जीत के लिए मिले 207 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच के तीसरे और अंतिम दिन भारत ने 45वें ओवर की शुरुआत 191 रन पर 4 विकेट के स्कोर से की. श्रीलंका के ऑफ स्पिनर नुवानथा के सामने सिराज स्ट्राइक पर थे और उनके साथ सारांश जैन क्रीज पर मौजूद थे. अभ्यास मैच के नियमों के तहत कई सीनियर बल्लेबाज रिटायर्ड हट होकर पवेलियन लौट चुके थे, इसलिए पूरी जिम्मेदारी सिराज के कंधों पर थी. नुवानथा ने ओवर की पहली गेंद मिडल स्टंप की लाइन पर डाली, जिस पर सिराज ने खड़े-खड़े डीप मिड-विकेट के ऊपर से लंबा छक्का जड़ दिया. दूसरी गेंद थोड़ी बाहर और फुल लेंथ थी, जिसे सिराज ने सीधे सामने की तरफ उठाकर स्टैंड्स में भेज दिया. इसके बाद तीसरी गेंद भी फुल और सीधी आई, जिस पर हैदराबादी पेसर ने एक और दर्शनीय छक्का लगाकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी.

इससे पिछले ओवर में भी उन्होंने गेंदबाज जीएस दिनुशा की गेंद पर क्रीज से पैर निकालकर सामने की तरफ एक शानदार छक्का जमाया था. जीत की औपचारिकता पूरी होने के बाद भी खेल जारी रखा गया, जिसमें सिराज ने एक चौका और एक रन बनाकर 15 गेंदों में नाबाद 32 रन (1 चौका, 4 छक्के) की विस्फोटक पारी समाप्त की.

दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों का योगदान
दूसरी पारी में भारत ने 45 ओवरों में 4 विकेट खोकर 214 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 46 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और फिर रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर चले गए. कप्तान और ओपनर शुभमन गिल ने 54 गेंदों में 7 चौकों के दम पर 44 रन जोड़े. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 68 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौके और 3 छक्कों के साथ 28 रनों का योगदान दिया, जबकि ध्रुव जुरेल 20 गेंदों में 17 रन (1 चौका, 1 छक्का) बनाकर आउट हुए. अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा 32 गेंदों में 22 रन और मानव सुतार 24 गेंदों में 4 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. गुरनूर बराड़ 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सारांश जैन 2 रन बनाकर नाबाद रहे.

श्रीलंका की दूसरी पारी और भारत की जीत
मैच के अंतिम चरण में श्रीलंका क्रिकेट एकादश ने अपनी दूसरी पारी में 45 ओवरों में 6 विकेट खोकर 200 रन बनाए और भारत के सामने 207 रनों का लक्ष्य रखा. दूसरी पारी में भी श्रीलंका के निशान मदुष्का ने बेहतरीन 63 रन बनाए और रिटायर्ड हर्ट हुए. उनके अलावा निपुण धनंजय ने 46 और अंजला बंडारा ने 35 रन जोड़े. भारत की तरफ से दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद सिराज ने रविंदु रसंथा (8 रन) को एलबीडब्ल्यू कर अपनी एकमात्र सफलता दर्ज की. प्रसिद्ध कृष्णा को एक, गुरनूर बराड़ को दो और रवींद्र जडेजा को दो विकेट मिले. यह अभ्यास मुकाबला भारतीय टीम के खिलाड़ियों की तैयारियों के लिहाज से बेहद सफल रहा, जहां बल्लेबाजों के फॉर्म के साथ-साथ सिराज के अनपेक्षित बल्लेबाजी पराक्रम ने टीम के मनोबल को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया.

श्रीलंका क्रिकेट एकादश की पहली पारी
इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट एकादश ने अपनी पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 90 ओवरों में 8 विकेट पर 363 रन बनाकर पारी घोषित की थी. उनके लिए सलामी बल्लेबाज रविंदु रसंथा ने सबसे ज्यादा 71 रन और निशान मदुष्का ने 66 रनों की पारी खेली. कप्तान सोनल दिनुशा ने भी 52 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया. इसके अलावा पसिंदु सूरियाबंदरा ने 35, पवन रत्नायके ने 39, अहान विक्रमासिंघे ने 31 और रमेश मेंडिस ने 32 रन बनाए. भारत की ओर से गेंदबाजी में मानव सुतार, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि गुरनूर बराड़ को एक सफलता मिली.

देवदत्त पडिक्कल का शानदार शतक
जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 90 ओवर खेलते हुए 6 विकेट पर 357 रन बनाकर घोषित की. पहली पारी में भारत के मुख्य आकर्षण देवदत्त पडिक्कल रहे, जिन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 164 गेंदों पर 18 चौकों की मदद से 142 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली. केएल राहुल ने 67 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 40 रन बनाए, जबकि रवींद्र जडेजा ने 117 गेंदों में 63 रन जोड़कर रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला लिया. निचले क्रम में मानव सुतार ने 41 रन, सारांश जैन ने 22 रन (रिटायर्ड हर्ट) और अंत में गुरनूर बराड़ ने 18 गेंदों पर 2 चौकों और 4 छक्कों के साथ नाबाद 36 रनों की तेज तर्रार पारी खेली. श्रीलंका के लिए रमेश मेंडिस, विश्व फर्नांडो, केशरा नुवानथा और असांका मनोज ने गेंदबाजी में योगदान दिया.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||