- महापौर से लेकर डीएम और नगर आयुक्त तक एक मंच पर, जनप्रतिनिधियों-अफसरों ने बरसाए फूल
- गुलाब, गेंदे और चमेली की पंखुडिय़ों से हुआ स्वागत, करीब चार क्विंटल फूलों से सजा कांवड़ मार्ग
- स्वच्छता, सेवा और श्रद्धा के संग नगर निगम की तैयारी, 24 घंटे व्यवस्थाओं में जुटी टीम
- कांवडिय़ों के स्वागत में दिखा प्रशासनिक एकजुटता का नजारा, अफसरों ने बढ़ाया शिवभक्तों का हौसला
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर गाजियाबाद के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवडिय़ों का रविवार को मेरठ रोड पर भव्य स्वागत किया गया। नगर निगम की ओर से आयोजित पुष्पवर्षा कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों से लेकर जिले के आला प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी एक मंच पर नजर आए। महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, जलकल जीएम केपी आनंद, अकाउंट ऑफिसर अनुराग सिंह, एसीपी कोतवाली एवं कांवड़ नोडल अधिकारी उपासना पाण्डेय समेत निगम और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। जैसे ही कांवडिय़ों पर फूलों की पंखुडिय़ां बरसीं, पूरा मेरठ रोड हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। दूर तक दिखाई दे रहे कांवडिय़ों के जत्थे, सड़कों पर गूंजते शिव के जयकारे और फूलों की वर्षा ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कांवडिय़ों ने भी हाथ उठाकर स्वागत का अभिवादन किया और प्रशासन एवं नगर निगम का आभार जताया। नगर निगम की ओर से कांवडिय़ों के स्वागत के लिए मेरठ रोड पर विशेष तैयारियां की गई थीं। पुष्पवर्षा के दौरान गुलाब, गेंदे और चमेली के फूलों की पंखुडिय़ां शिवभक्तों पर बरसाई गईं। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान करीब तीन से चार क्विंटल फूलों की पंखुडिय़ों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि कांवडिय़ों के उत्साहवर्धन के लिए 10 अगस्त को भी नगर निगम की ओर से भव्य पुष्पवर्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। फूलों की बारिश से उत्साहित कांवडिय़ों ने इसे यात्रा के दौरान मिलने वाला आत्मीय सम्मान बताया। कई शिवभक्तों ने कहा कि लंबी और कठिन यात्रा के बीच इस तरह का स्वागत उनका उत्साह बढ़ाता है। कांवडिय़ों ने नगर निगम और जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार जताया।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि गाजियाबाद से हर वर्ष लाखों कांवड़ यात्री गुजरते हैं। ऐसे में शिवभक्तों का स्वागत और उनका उत्साहवर्धन करना सेवा भावना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस बार नगर निगम की टीम स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तत्परता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। निगम कर्मचारियों के साथ जिला प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी भी दिन-रात व्यवस्थाओं में जुटे हैं। श्रद्धा और स्वच्छता के साथ कांवडिय़ों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी शिवभक्तों की यात्रा मंगलमय होने की कामना की।
विधायक संजीव शर्मा और विधायक अजीत पाल त्यागी ने भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। दोनों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और समर्पण का पर्व है। लाखों शिवभक्त कठिन यात्रा कर भगवान शिव के लिए गंगाजल लेकर आते हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रशासन और नगर निगम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल से कांवड़ यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा रहा है।
24 घंटे व्यवस्थाओं में जुटी निगम की टीम
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए नगर निगम की टीम 24 घंटे व्यवस्थाओं में लगी हुई है। सफाई व्यवस्था को पहले की तुलना में और बेहतर किया गया है। कांवड़ शिविरों के आसपास भी विशेष सफाई कराई जा रही है और कांवड़ मार्गों की नियमित सफाई एवं निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी और कर्मचारी अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने के साथ श्रद्धा और सेवा भाव से भी शिवभक्तों की सेवा में जुटे हैं। निगम का कांवड़ शिविर भी लगातार सेवा कार्य में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।
सुरक्षा और सुगम आवागमन पर प्रशासन की नजर
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन का पूरा ध्यान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन पर है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों का सम्मान और उनकी यात्रा को सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल ने भी कांवडिय़ों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न विभाग एक टीम के रूप में काम कर रहे हैं। कांवड़ मार्गों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। एसीपी कोतवाली एवं कांवड़ नोडल अधिकारी उपासना पाण्डेय समेत पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी गई।
एक मंच पर दिखी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की टीम
पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग और नगर निगम की टीम एक साथ शिवभक्तों का स्वागत करती दिखाई दी। इससे सेवा, समन्वय और श्रद्धा का संदेश गया। निगम की ओर से कांवड़ मार्गों, शिविरों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के साथ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। कार्यक्रम ने जहां कांवडिय़ों का उत्साह बढ़ाया, वहीं गाजियाबाद में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के एकजुट होकर सेवा करने की तस्वीर भी सामने आई। फूलों की पंखुडिय़ों से सजा मेरठ रोड और हर-हर महादेव के जयघोष देर तक वातावरण में गूंजते रहे। शिवभक्तों के स्वागत का यह दृश्य गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की आस्था और सेवा भावना को और मजबूत करता नजर आया।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||





