पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर राहुल गांधी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को फेवरेट लीडर बताना रहr। कांग्रेस नेता ने कैप्टन की खूब तारीफ की। इस पर कैप्टन ने कहा कि मैं कांग्रेस में नहीं जाऊंगा।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. राहुल गांधी बोले- अमरिंदर अंकल मेरे फेवरेट BJP लीडर
पंजाब में 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच राहुल गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को फेवरेट लीडर बताकर उनकी तारीफ की। गुरुवार को दिल्ली में जेन-जी के साथ राहुल गांधी ने इंट्रैक्शन किया।
इसी दौरान एक युवा ने राहुल से पूछ लिया कि बीजेपी में आपका फेवरेट लीडर कौन है, तो राहुल गांधी ने कहा- कैप्टन अमरिंदर सिंह, डेफिनेटली। मैं उनके साथ आसानी से घुल-मिल जाता हूं। वह कूल हैं और मिलिट्री हिस्ट्री के एक्सपर्ट हैं, इसलिए मैं उन्हें पसंद करता हूं। हैलो अंकल अमरिंदर….
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो पोस्ट किया है। जिसके बाद से लोग कैप्टन की कांग्रेस में वापसी की अटकलें लगाने लगे हैं। इस बीच कैप्टन ने इस पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पॉलिटिक्स और पर्सनल लाइफ अलग-अलग होती हैं। कांग्रेस के बारे में अब कोई कमेंट नहीं करूंगा। कैप्टन ने कहा कि मेरी पार्टी बीजेपी है। कांग्रेस में नहीं जाऊंगा। सोनिया गांधी और बच्चों के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं. लेकिन मेरी पॉलिटिक्स बीजेपी में है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. पंजाब चुनाव में अकाली-BJP गठजोड़ फाइनल होने के संकेत
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात रही। सुखबीर बादल सुबह ही दिल्ली पहुंचे थे और उन्होंने पार्लियामेंट हाउस में पीएम से मुलाकात की। दोनों नेताओं की इस मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। पंजाब विधानसभा चुनाव में अब करीब 4 महीने का समय बचा है। ऐसे में इस मुलाकात को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है और चुनाव से पहले अकाली दल व BJP गठबंधन की चर्चा है।
इधर, अरविंद केजरीवाल ने तंज कसते हुए लिखा-ना ना करते प्यार तुम्ही से कर बैठे……तो क्या चन्दा चोर पार्टी और बेअदबी पार्टी का गठबंधन हो रहा है? (पढे़ं पूरी खबर)
3. सरकारी कर्मचारी-टीचर्स पुलिस से भिड़े, वाटर कैनन से खदेड़े
DA-OPS की मांग को लेकर पंजाब के कर्मचारियों और स्कूली टीचर ने सामूहिक छुट्टी लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर-39 में प्रोटेस्ट किया। इसके चलते चंडीगढ़ के कई सेक्टरों में जाम लग गया। प्रदर्शनकारी विधानसभा घेरने के लिए सेक्टर 39 से आगे बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग से कर्मचारी कूदने लगे तो पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
उधर, प्रोटेस्ट के चलते पंजाब के कई सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप रहा। टीचर्स ने एक दिन पहले ही स्टूडेंट्स को अघोषित छुट्टी दे दी थी। कर्मचारी और शिक्षक संगठनों की ओर से ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) लागू करने और बकाया डीए के भुगतान की मांग की गई।
वहीं, चंडीगढ़ में रैली स्थल के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने पहले ही स्पष्ट किया था कि कर्मचारियों को रैली स्थल तक जाने की अनुमति है, लेकिन प्रदर्शन के बाद यदि वे बाहर निकलकर आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं तो उन्हें आगे जाने नहीं दिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)
4. कनाडा में फंसे पंजाबी स्टूडेंट्स की मदद करेगी सरकार
पंजाब विधानसभा में शुक्रवार को एक बार फिर अवैध माइनिंग का मुद्दा गूंजा। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने अखबारों में प्रकाशित खबरों, एनजीटी की रिपोर्ट और ईडी की कार्रवाई का हवाला देते हुए सरकार से जवाब मांगा। वहीं, कनाडा में पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट (PGWP) के मुद्दे पर एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि वहां फंसे पंजाबी छात्रों की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया गया है।
वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव दौलतपुर की पंचायत जमीन की नीलामी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री यह साबित कर दें कि अधिक कीमत पर बोली कराने के लिए पूरी कोशिश की गई थी, तो वह विधायक पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं। सदन झूठ बोलने का अड्डा नहीं है, कृपया सच बोला जाए।
AAP विधायक गुरदित्त सिंह ने अपने क्षेत्र में सिंचाई और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके इलाके का पटवारी खुद को चीफ सेक्रेटरी समझता है। अपने नियमों से काम करता है। वहीं, डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने अपने हलके को नहरी पानी देने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि आप पानी के देवता हो, मेरे हलके को नहरी पानी दे दो। कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का सोशल मीडिया अकाउंट बंद किया गया है, जिसे उन्होंने विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया। (पढ़ें पूरी खबर)
5. चंडीगढ़ का कारोबारी बोला-सलमान खान के कारण मेरे ₹3 करोड़ डूबे
चंडीगढ़ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री और स्टाइल एंड क्यूंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य पर केस करने वाले चंडीगढ़ के ज्वेलरी कारोबारी अरूण गुप्ता सामने आए हैं। उन्होंने कहा- मैंने सलमान खान के नाम की वजह से बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी की फ्रेंचाइजी ली। भरोसे के बाद भी सलमान उद्घाटन करने नहीं आए।
फिर अचानक कंपनी के सारे ऑफिस बंद कर दिए गए। कंपनी ने साथ छोड़ दिया। पुलिस के पास गया तो शिकायत बंद कर दी। मैंने सारा कारोबार लोन पर खड़ा किया था। 3 करोड़ का नुकसान हो गया। इसी सदमे में मुझे हार्ट अटैक आ गया। पत्नी बीमार हो गई।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान व उनके पॉपुलर ब्रॉन्ड से जुड़े मामले पर कथित फ्रॉड के आरोपों के बाद दैनिक भास्कर ने कारोबारी अरूण गुप्ता से एक्सक्लूसिव बातचीत की। जिसमें उन्होंने ज्वेलरी शोरूम खोलने, सलमान से मुलाकात से लेकर पूरे मामले पर खुलकर बात की। (पढ़ें पूरी खबर)
6. आतंकी पन्नू का जालंधर के स्कूल में खालिस्तानी झंडा फहराने का दावा
जालंधर के सरकारी मिडिल स्कूल कोटला हेरां में प्रिंसिपल के दफ्तर के बाहर खालिस्तानी झंडा फहराने का दावा किया गया है। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो में यह दावा किया।
पन्नू ने यह भी कहा कि जिन लोगों पर लोहे की मुट्ठी से शासन किया गया हो, उन पर जबरन स्वतंत्रता का जश्न नहीं थोपा जा सकता। SFJ ने घटना का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें झंडा लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल इस मामले में एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
वहीं 15 अगस्त से ठीक पहले आए इस वीडियो के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गए हैं। अभी पुलिस की तरफ से घटना की पुष्टि नहीं हो पाई है। पन्नू ने कहा कि पंजाब के सीएम भगवंत मान स्वतंत्रता दिवस पर जहां-जहां झंडा फहराएंगे वहां उनका विरोध किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)
7. रूस से लौटे पंजाबी युवक से सुनाई दर्दनाक आपबीती
जालंधर का युवक आकाशदीप रूस से जान बचाकर भारत लौट आया है। उसका आरोप है कि जालंधर के एक एजेंट ने मोटी कमाई का सपना दिखाकर उससे 6 लाख रुपए ठग लिए और उसे रूस भेज दिया। वहां न नौकरी मिली, न रहने-खाने का इंतजाम। उल्टा उसे रूसी सेना में भर्ती होने का लालच दिया गया। पुलिस की रेड के बाद वह हरियाणा और राजस्थान के युवकों के साथ दो दिन तक जंगल में भूखा-प्यासा छिपा रहा।
ड्रोन के डर से रातभर पहरा देना पड़ा। भारत लौटने के लिए परिवार को बाइक और पत्नी के गहने तक बेचने पड़े। युवक ने बताया कि जब उसने एजेंट से पैसे मांगे तो उसने उसने धमकी दी। एजेंट की धमकियां के बाद उसने एंटी फ्रॉड सेल में शिकायत की। उसने मांग की कि जो पैसे लगे हैं उसे रिकवर कराया जाए और एजेंट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
युवक आकाशदीप जालंधर के रामनगर का रहने वाला है। आकाशदीप ने फर्जी टिकट, भूखे-प्यासे रहने की मजबूरी और रूसी सेना में भर्ती का लालच देने की पूरी कहानी बताई। (पढ़ें पूरी खबर)
8. चंडीगढ़-मोहाली में बारिश, तापमान 2.2 डिग्री तक गिरा
चंडीगढ़ और मोहाली में सुबह बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने पंजाब के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है।
इस बीच राज्य के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बाद अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान श्री आनंदपुर साहिब में रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, मानसून सीजन में अब तक पंजाब में सामान्य से 30% कम बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के कारण भाखड़ा और पोंग डैम में पानी की आवक बढ़ी हुई है, लेकिन दोनों डैम अभी खतरे के निशान से काफी नीचे हैं। भाखड़ा डैम का जलस्तर 1607.95 फीट है, जबकि खतरे का निशान 1680 फीट है। पोंग डैम का जलस्तर 1344.4 फीट है और खतरे का निशान 1400 फीट है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. कारोबारी का अपहरण कर मर्डर, बंधक बनाकर पीटा
पठानकोट में नहर में कारोबारी की लाश मिलने के मामले में बड़े खुलासे हुए हैं। 2 भाइयों ने कारोबारी को पहले बंधक बनाया और उसके खाते से पैसे ट्रांसफर कर उसे सुंदरचक्क की नहर में धक्का दे दिया। जांच के दौरान पुलिस को कारोबारी का शव मिला। परिवार मैसूर से पठानकोट पहुंचा, जिसकी परिजनों ने तस्वीरों के जरिए पहचान की।
पुलिस के मुताबिक दोनों भाइयों ने व्यापारी को पठानकोट के मामून क्षेत्र में जबरन बंधक बनाकर रखा गया, मारपीट की गई और डरा-धमकाकर उनके खाते से ₹95,000 ऐंठ लिए। पुलिस ने बेटे गणेश बीएल के बयान पर जांच कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
कारोबारी के बेटे गणेश ने बताया कि उसके पिता का मशीनों का कारोबार था। वे 18 जुलाई को बेंगलुरु से फ्लाइट पकड़कर अमृतसर आए थे। उन्होंने उन्हें बताया था कि वे अपने बिजनेस के सिलसिले में बटाला में एक सीएनसी वर्टिकल टर्निंग लेथ मशीन का निरीक्षण करने जा रहे हैं। उन्हें नहीं पता कि वे किन परिस्थितियों में पठानकोट पहुंचे, यह जांच का विषय है। 18 जुलाई को ही पठानकोट में उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. अंडर गारमेंट्स में छिपाकर नशे की डिलीवरी
लुधियाना में नशे कि डिलीवरी का रोचक मामला सामने आया है। ताजपुर रोड इलाके का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवती अपने अंडर गारमेंट्स में छिपाकर लाई गई नशे की पुड़िया एक युवक को सौंप रही है। उसके साथ दो अन्य युवतियां भी मौजूद हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। शुरुआती जांच में वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इसमें दिखाई दे रही पुड़िया में चिट्टा (हेरोइन) हो सकता है। वीडियो में दिख रहे युवक और तीनों युवतियों की पहचान की जा रही है।
खास बात यह है कि जिस ताजपुर रोड इलाके का यह वीडियो बताया जा रहा है, वहां पिछले 10 दिनों में नशा तस्करी के 14 केस दर्ज हो चुके हैं। ऐसे में अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि क्या नशा तस्कर पुलिस से बचने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल कर नए तरीके अपना रहे हैं। डीएसपी रमनदीप ने बताया कि वीडियो को फेसबुक पर पोस्ट किया गया, जब वायरल हुआ तो पुलिस की साइबर टीम ने इस पर संज्ञान लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



