Image Slider

.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर फार्मेसी पेपर मामले के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़ी रही। जब प्रदर्शनकारी विधानसभा का घेराव करने चले तो पुलिस से झड़प हो गई। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को वाटर कैनन से खदेड़ा।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. यूथ कांग्रेस-ABVP की पुलिस से झड़प, वाटर कैनन का इस्तेमाल

पंजाब में फार्मेसी परीक्षा मामले को लेकर बुधवार को चंडीगढ़ में पंजाब यूथ कांग्रेस और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जोरदार प्रदर्शन किया। सेक्टर-25 में ABVP और सेक्टर-15 में यूथ कांग्रेस की पुलिस से झड़प हो गई। दोनों के वर्कर विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे।

पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान कुछ वर्कर ने बैरिकेड पार करने की कोशिश तो पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। दोनों जगह प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार की लापरवाही से युवाओं के भविष्य और करियर के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

वहीं, पंजाब सरकार विधानसभा में पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि फार्मेसी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ था। सरकार के अनुसार, यह हाईटेक नकल का मामला था और घटना के करीब 15 मिनट के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया गया था। (पढ़ें पूरी खबर)

2. बेअदबी कानून पर गनीव मजीठिया बोलीं- क्या गुरु से टक्कर लोगे

पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र में तीसरे दिन AAP सरकार के नए बेअदबी कानून को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मजीठा से अकाली दल की विधायक गनीव कौर मजीठिया ने शून्यकाल में AAP सरकार को घेर लिया। गनीव ने सरकार से तीखे सवाल पूछे कि श्री अकाल तख्त साहिब के कहे मुताबिक कानून में कोई संशोधन नहीं हो रहा। स्पीकर संगत को गुरु से महान बता रहे हैं। क्या आप लोग गुरु से टक्कर लोगे?

इस पर बचाव में स्पीकर, मंत्री और एक विधायक को आना पड़ा। हालांकि, स्पीकर ने इसका तीखा जवाब देते हुए कहा कि आपके रिश्तेदारों ने अकाल तख्त को चैलेंज किया। जिसे फख्र ए कौम का अवॉर्ड मिला, उसने जत्थेदार के बुलावे पर अकाल तख्त पर पेश होना जरूरी नहीं समझा।

स्पीकर ने गनीव की पंथक समझ पर भी सवाल खड़े किए। इसके साथ नौकरियों पर राणा गुरजीत और मंत्री अमन अरोड़ा के बीच बहस हुई। वहीं, मंत्री हरजोत बैंस ने मंगलवार को दिए बयान पर ट्रोलिंग के बाद सफाई दी। (पढ़ें पूरी खबर)

3. चन्नी को हाईकमान की फटकार, कहा- समर्थकों को कंट्रोल करो

पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह के बीच हाईकमान ने पूर्व CM एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को फटकार लगाई है। उन्हें पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने तलब किया और उन्हें अपने समर्थकों को नियंत्रण में रहने को कहा है। वेणुगोपाल ने कार्यक्रमों में हो रही नारेबाजी और पोस्टरबाजी पर सवाल खड़े किए।

जानकारी के अनुसार, वेणुगोपाल ने चन्नी को कहा कि 15 दिन में पार्टी सख्त फैसला लेगी। इसके बाद एक फाइनल फॉर्मूला तैयार किया जाएगा। इसके बाद जिस नेता को जो करना है, वह करने को स्वतंत्र है। उधर, राजा वड़िंग गुट को भी पार्टी हाईकमान तलब कर सकता है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चन्नी के खिलाफ अब पंजाब के अलग-अलग शहरों में पोस्टर वार शुरू कर दी है। अमृतसर में चन्नी के खिलाफ पोस्टर लगे हैं। पोस्टरों में चन्नी को कांग्रेस से निकालने की अपील की गई है। इसके अलावा चन्नी के भाजपा में जाने वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

4. लेडी डॉक्टर ने शादीशुदा होकर खुद को सिंगल बताया, कनाडा भागी

जालंधर की महिला डॉक्टर (डेंटिस्ट) ने शादीशुदा होने के बावजूद पासपोर्ट दफ्तर में खुद को अविवाहित बताकर नया पासपोर्ट बनवा लिया और कनाडा चली गई। पति का आरोप है कि पत्नी घर से कैश और गहने लेकर गई और सरकारी दस्तावेजों में गलत जानकारी देकर पासपोर्ट हासिल किया।

पति की शिकायत पर फिरोजपुर पुलिस ने महिला डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला डॉक्टर साल 2024 में कनाडा भागी। इसके बाद वह नहीं लौटी। महिला डॉक्टर मकसूदां की रहने वाली है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पासपोर्ट कार्यालय को भी गलत जानकारी देकर दस्तावेज हासिल करने के संबंध में सूचित किया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी महिला के खिलाफ आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. एक लाख मंथली और विदेशी शराब मांगता था SHO, रिकॉर्डिंग मिलीं

चंडीगढ़ पुलिस एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सवालों के घेरे में है। एक पुलिस थाने में तैनात SHO पर शराब ठेकेदार से हर महीने एक लाख रुपए और दो पेटी विदेशी शराब लेने के आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत CBI के डीआईजी को मिली, जिन्होंने खुद जांच कराई।

जांच के दौरान SHO की शराब ठेकेदार को धमकाने और रिश्वत मांगने की रिकॉर्डिंग, उसकी ट्रांसक्रिप्ट और दूसरे सबूत सामने आए। इसे करीब 15 दिन पहले DGP और SSP को भेजा गया। साथ ही संबंधित SHO के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी की गई।

सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की ओर से साक्ष्य भेजे हुए 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन संबंधित SHO के खिलाफ अब तक कोई विभागीय कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

6. प्रेमी संग बेटी उठाकर भागी मां, बहन छुड़ाने आई तो स्कूटी से घसीटा

लुधियाना में प्रेमी के साथ मिलकर एक महिला ने अपनी 3 साल की बेटी का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। दोनों आरोपी स्कूटी पर आए और बच्ची को उठाकर ले जाने लगे। इस दौरान बच्ची की ताई की 12 वर्षीय बेटी ने बहादुरी दिखाते हुए उसे बचाने की कोशिश की।

वह बच्ची को बचाने के लिए महिला से भिड़ गई। महिला ने पहले लड़की को थप्पड़ मारे, लेकिन उसने हार नहीं मानी और स्कूटी तक पहुंच गई। इस दौरान जब उसने बच्ची को छुड़ाने की कोशिश की तो दोनों आरोपी उसे स्कूटी से 50 मीटर तक घसीटते ले गए। उसके बाजू और पैर पर चोटें आई हैं।

यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला पर पहले से केस दर्ज है। घटना 28 जुलाई को डाबा रोड पर सामने आई। इसका वीडियो अब सामने आया है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. होटल में NRI युवती को न्यूड कर थप्पड़ मारे, रेप की कोशिश

लुधियाना के होटल रेडिसन ब्लू में कनाडा से आई दिल्ली की युवती के साथ रेप की कोशिश की गई। युवती ने रूम बुक कर भाई के अच्छे भविष्य के लिए पूजा करवाने के लिए एक व्यक्ति को बुलाया। उसने आते ही अश्लील हरकतें शुरू कर दी।

उसने युवती से कहा कि उसके अंदर 2 भूत हैं, उन्हें तुरंत बाहर निकालने की जरूरत है। NRI युवती भूत भगाने के लिए तैयार हो गई। आरोपी ने भूत भगाने के नाम पर युवती के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। युवती ने विरोध किया तो उसने इसे भूत भगाने की प्रक्रिया बताया।

कुछ ही पलों में आरोपी ने युवती के साथ रेप करने की कोशिश की। इस दौरान उसे न्यूड कर थप्पड़ मारे। युवती ने आरोपी को बमुश्किल रूम से बाहर धकेला और उसके बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी अभी फरार है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. पति ने कनाडा से भेजा एकतरफा तलाक, बोला- तुम आजाद हो

मोहाली की MA पास लड़की की कनाडा में रहने वाले NRI युवक के साथ धूमधाम से शादी हुई। लड़के का परिवार मूल रूप से लुधियाना का रहने वाला है। बड़े मैरिज पैलेस में परिवार ने शादी पर खूब पैसा खर्च किया। हालांकि, जब दहेज में बड़ी कार नहीं मिली तो दोनों परिवारों में तकरार शरू हुई।

पति से लेकर ससुर तक गाली-गलौज करने लगे। बात हाथापाई तक पहुंच गई। पति विदेश चला गया। लड़की विदेश न पहुंच पाए, इसके लिए गलत दस्तावेज लगाकर भेज दिए। परिवार ने लड़की का घर बसाने के लिए प्रयास किए, लेकिन पति ने उसे मैसेज भेजा, “तुम आजाद हो, कहीं भी शादी कर लो।”

इसके बाद उसने कनाडा से बिना पीड़िता की सहमति के एकतरफा ‘तलाक-ए-हसन’ भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी शिकायत पर पति करमपाल गिल के खिलाफ केस दर्ज किया है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. बहन घर नहीं आई तो भाई ने टांग तोड़ी

अमृतसर में भाई ने लोहे की रॉड मारकर सगी बहन का पैर तोड़ दिया। वह गाड़ी में आया और 15 सेकेंड में 12 बार लोहे की रॉड मारी। वह इस बात से गुस्साया कि बहन ससुराल मुंबई से अमृतसर आई लेकिन उसके घर नहीं आई और बड़े भाई के घर चली गई।

इसके बाद सीधे मुंबई लौटने लगी। हमले के वक्त उनका पिता भी वहां मौजूद था लेकिन वह आरोपी बेटे को रोकते हुए नजर नहीं आए। बहन को गंभीर घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक्सरे में उसके पैर में फ्रैक्चर नजर आया है।

मारपीट की ये पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब घायल बहन का बयान लेने की कोशिश कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. ASI ने रेलवे ट्रैक पर चढ़ाई सरकारी गाड़ी, बोला- थोड़ी सी पी है

अमृतसर के भगतांवाला फाटक के पास एक PCR पुलिसकर्मी ने सरकारी वैन रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी शराब के नशे में वाहन चला रहा था और बेकाबू होकर गाड़ी सीधे रेलवे पटरियों पर ले आया। उसकी हालत ऐसी थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने पुलिसकर्मी का वीडियो बनाया और उसे घर लिया। जब उससे पूछा गया कि पटरियों पर वैन क्यों चढ़ा दी है, तो उसने कहा- बस थोड़ी सी पी रखी है, पता नहीं कैसे यहां गाड़ी चढ़ गई।

स्थानीय लोगों ने इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी और PCR वाहन को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इसके चलते कुछ समय के लिए रेलवे और सड़क यातायात दोनों प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उसी समय कोई ट्रेन वहां से गुजर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||