ओपीडी से स्पेशिलिटी क्लिनिक तक मिलेगी सुविधा
अभी तक ईएनटी विभाग की सामान्य ओपीडी में मरीजों को देखकर दवा और सलाह दी जाती थी. अब यदि किसी मरीज की बीमारी गंभीर या जटिल दिखाई देती है तो उसे तुरंत स्पेशिलिटी क्लिनिक भेजा जाएगा. यहां आधुनिक ईएनटी ट्रीटमेंट यूनिट और एंडोस्कोपी यूनिट की मदद से कान, नाक और गले के अंदर की स्थिति तुरंत देखी जा सकेगी. इससे संक्रमण, गांठ, सूजन या दूसरी समस्याओं का तुरंत पता चल जाएगा और उसी आधार पर इलाज शुरू किया जाएगा. क्लिनिक सप्ताह में तीन दिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक संचालित होगा.
एक रुपये में होगा इलाज
ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि पहले मरीजों को कई बार बेहतर जांच और इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था. अब वही सुविधा एलएलआर अस्पताल में उपलब्ध होगी. मरीजों का इलाज निःशुल्क या बेहद कम खर्च में किया जाएगा. अस्पताल का मात्र ₹1 का पर्चा बनवाकर मरीज स्पेशिलिटी क्लिनिक की सुविधा ले सकेंगे. क्लिनिक ओपीडी के पास ही है, इसलिए मरीजों को अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकना भी नहीं पड़ेगा. डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा,हमारे पास अब आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं. इनके जरिए कान, नाक और गले की बीमारी तुरंत दिखाई देती है. इससे सही समय पर सही इलाज शुरू किया जा सकता है. हमारा प्रयास है कि मरीजों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत न पड़े और उन्हें कानपुर में ही बेहतर इलाज मिल सके.
शुरुआती में पकड़ में आ जाएगी बीमारी
ईएनटी विभाग की चिकित्सक डॉ. अमृता श्रीवास्तव ने बताया कि एंडोस्कोपी और आधुनिक ईएनटी यूनिट की मदद से ऐसी कई बीमारियां भी शुरुआती अवस्था में पकड़ में आ जाएंगी. जो सामान्य जांच में आसानी से दिखाई नहीं देतीं. इससे मरीजों का इलाज जल्दी शुरू होगा, ऑपरेशन की जरूरत होने पर समय रहते निर्णय लिया जा सकेगा और इलाज के बेहतर परिणाम मिलेंगे. उन्होंने कहा कि यह सुविधा खासकर लंबे समय से कान बहने, सुनाई कम देने, नाक बंद रहने, बार-बार गले में संक्रमण और आवाज बैठने जैसी समस्याओं से परेशान मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी.
आस पास के जिलों को मिलेगा लाभ
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने कहा कि संस्थान लगातार मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं देने की दिशा में काम कर रहा है. ईएनटी स्पेशिलिटी क्लिनिक शुरू होने से न केवल कानपुर बल्कि आसपास के कई जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि सरकारी अस्पताल में भी लोगों को वही आधुनिक इलाज मिले, जिसके लिए पहले उन्हें बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता था. अब मरीजों को कम खर्च में बेहतर जांच, सही इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा एक ही जगह उपलब्ध होगी.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



