Image Slider

  • डासना से छोटा हरिद्वार तक डीएम ने परखी व्यवस्था, कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश
  • कंट्रोल रूम से सुरक्षा और यातायात की मॉनिटरिंग, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात
  • शिविरों में पहुंचकर कांवडिय़ों से लिया फीडबैक, प्रकाश-पानी-स्वच्छता और चिकित्सा व्यवस्था पर जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कांवडिय़ों की बढ़ती संख्या के बीच प्रशासनिक अधिकारी लगातार कांवड़ मार्गों, शिविरों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परख रहे हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ और एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था राजकरन नैय्यर ने अधिकारियों के साथ डासना, मुरादनगर स्थित छोटा हरिद्वार और मेरठ रोड तिराहा स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कांवड़ मार्गों पर प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं और जहां भी कोई कमी सामने आती है, उसे तत्काल दूर कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवडिय़ों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए और व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाए।

डीएम ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थलों और सड़क सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है। सड़कों को गड्ढामुक्त रखने के साथ-साथ शिविरों में भी श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है। जिलाधिकारी और एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने मेरठ रोड तिराहा स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां से की जा रही मॉनिटरिंग की जानकारी ली। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से जुड़ी प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करें।

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था राजकरन नैय्यर ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि कांवडिय़ों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने कांवड़ शिविरों में पहुंचकर शिवभक्तों से सीधे संवाद किया और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। कांवडिय़ों ने जनपद में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की सराहना की।

हिंडन नदी के समीप स्थित कांवड़ सेवा शिविर में श्रद्धालु भजन-कीर्तन के बीच आध्यात्मिक वातावरण में विश्राम करते दिखाई दिए। शिविरों में पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी संदेश देती है। प्रशासन का प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा समाप्त होने तक सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा जारी रखें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||