-जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने समिति को दिए सख्त निर्देश, सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बहुप्रतीक्षित हरनंदीपुरम योजना के विकास को गति देने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कवायद तेज कर दी है। योजना के प्रथम चरण में भू-उपयोग परिवर्तन और ले-आउट प्लान के अनुमोदन से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार को जीडीए सभागार में उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने संबंधित समिति के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षण, अभिलेखीय कार्रवाई और आवश्यक औपचारिकताएं तत्काल पूरी की जाएं, ताकि प्रस्ताव अगस्त में प्रस्तावित बोर्ड बैठक में अनुमोदन के लिए रखा जा सके। बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने हरनंदीपुरम योजना के प्रथम चरण से जुड़े भू-उपयोग परिवर्तन और ले-आउट अनुमोदन के प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने समिति के अधिकारियों से कहा कि लंबित परीक्षणों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए अभिलेखों की जांच और आवश्यक कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न की जाए। समिति को निर्धारित समयसीमा में अपना स्पष्ट और अंतिम अभिमत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बोर्ड बैठक से पहले पूरे प्रकरण को अंतिम रूप दिया जा सके।
उपाध्यक्ष ने कहा कि समिति की संस्तुति प्राप्त होने के बाद ही भू-उपयोग परिवर्तन और प्रथम चरण के ले-आउट अनुमोदन का प्रस्ताव आगामी जीडीए बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद योजना के विकास कार्यों को गति देने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। हरनंदीपुरम योजना को जीडीए की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में माना जा रहा है। ऐसे में योजना के प्रथम चरण से जुड़ी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट समयसीमा के साथ काम करने को कहा गया है। नंद किशोर कलाल ने निर्देश दिए कि योजना से संबंधित सभी विभागीय औपचारिकताओं को आपसी समन्वय के साथ पूरा किया जाए, जिससे बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव रखने में किसी प्रकार की अड़चन न आए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए।
अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना के प्रथम चरण के विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर शुरू कराने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जा सके। समीक्षा बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं सचिव विवेक कुमार मिश्रा, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी प्रथम, मुख्य अभियंता आलोक रंजन, प्रभारी मुख्य नगर नियोजक अरविंद कुमार, नगर नियोजक राजीव रत्न शाह, तहसीलदार विवेक कुमार मिश्रा, सहायक अभियंता मास्टर प्लान जोन-1 सुरजीत कुमार, विनय वर्मा सहित सहायक नगर नियोजक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों ने हरनंदीपुरम योजना के प्रथम चरण से संबंधित भू-उपयोग परिवर्तन और ले-आउट प्लान के परीक्षण की वर्तमान स्थिति से उपाध्यक्ष को अवगत कराया। उपाध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तय समयसीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


