Image Slider

  • साईं उपवन में एक लाख से अधिक कांवडिय़ों के ठहरने, स्नान और भोजन की व्यवस्था, सात दिन चलेगा निगम का कांवड़ शिविर
  • कांवड़ रूट पर बैरिकेडिंग, सफाई, फॉगिंग और अतिक्रमण हटाने की तैयारी पूरी, कंट्रोल रूम से मंदिरों और रूट की होगी निगरानी
  • प्लास्टिक मुक्त होगा नगर निगम का कांवड़ शिविर, स्टील के बर्तनों का होगा इस्तेमाल; शिविर आयोजकों से भी सहयोग की अपील

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कांवड़ महोत्सव को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कांवडिय़ों की यात्रा को सुगम, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए निगम की टीम ने कांवड़ रूट से लेकर शिविरों और कंट्रोल रूम तक व्यवस्थाओं को परखना शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुक्रवार को कांवड़ रूट का निरीक्षण करने के बाद मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, फॉगिंग और कांवड़ शिविरों के आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कांवड़ रूट पर बैरिकेडिंग की स्थिति देखी और प्राचीन मंदिरों तथा शिवालयों में की जा रही प्रकाश व्यवस्था की जानकारी ली।

कांवड़ मार्ग पर लगने वाले विभिन्न शिविरों के आसपास सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही रूट पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चल रहे अभियान की भी समीक्षा की गई। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और रूट पर व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त बनी रहें। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार तथा निर्माण विभाग से सुनील मौर्या मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। यहां कांवड़ रूट और प्रमुख धार्मिक स्थलों की निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों और स्क्रीन की जानकारी ली गई। कंट्रोल रूम से प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर समेत कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए विशेष टीम की तैनाती की जा रही है, जिससे किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

साईं उपवन में एक लाख कांवडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था
नगर निगम की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी साईं उपवन में भव्य कांवड़ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सात दिवसीय यह शिविर पांच अगस्त से 11 अगस्त तक चलेगा। निगम के अनुसार शिविर में करीब एक लाख कांवड़ यात्रियों के विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। यहां कांवडिय़ों के ठहरने के साथ स्नान, भोजन और स्वच्छता की व्यवस्था भी नगर निगम की ओर से की जाएगी। नगर आयुक्त ने साईं उपवन पहुंचकर शिविर की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण विभाग की ओर से मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों के पहुंचने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार हो जाएं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। शिविर में साफ-सफाई को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। कांवड़ यात्रियों के विश्राम, स्नान और खान-पान की व्यवस्था गाजियाबाद नगर निगम साइ सेवा ट्रस्ट के सहयोग से की जा रही है। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक, स्टील के बर्तनों में मिलेगा भोजन
नगर निगम का साईं उपवन स्थित कांवड़ शिविर इस बार पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रहेगा। शिविर में प्लास्टिक और थर्माकोल के बर्तनों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके स्थान पर स्टील के बर्तनों का उपयोग किया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में स्वच्छता व्यवस्था किसी भी स्तर पर कमजोर न हो। कांवड़ रूट और शिविरों में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएंगे। सफाई मित्रों की विशेष टीम का गठन किया गया है, जो कांवड़ रूट के साथ-साथ शिविरों में भी लगातार सफाई व्यवस्था संभालेगी। इसके अलावा नियमित फॉगिंग भी कराई जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रियों को साफ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। नगर आयुक्त ने अन्य कांवड़ शिविरों के आयोजकों से भी प्लास्टिक और थर्माकोल का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि सभी श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और शिविर आयोजकों की भी है। सभी के सहयोग से कांवड़ महोत्सव को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

शंभूदयाल कॉलेज में भी कांवडिय़ों के विश्राम की तैयारी
नगर निगम की ओर से शंभूदयाल कॉलेज में भी कांवड़ यात्रियों के विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। यहां भी आवश्यक सुविधाओं को तैयार करने का काम चल रहा है। निगम का प्रयास है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जाए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम कांवड़ महोत्सव की तैयारियों में पूरी गंभीरता से जुटा है। कांवड़ रूट पर बैरिकेडिंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। कांवड़ शिविरों में डस्टबिन की व्यवस्था के साथ नियमित सफाई और फॉगिंग कराई जाएगी। सफाई मित्रों की विशेष टीम रूट और शिविरों में तैनात रहेगी। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा आयोजित कांवड़ शिविर को प्लास्टिक मुक्त रखने के साथ अन्य शिविर संचालकों से भी प्लास्टिक और थर्माकोल का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की जा रही है। कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में रहेंगी। कंट्रोल रूम से भी प्रमुख मार्गों, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||