Parliament Monsoon Session Live: संसद के मानसून सत्र में गुरुवार को दोनों सदनों में कई महत्वपूर्ण काम होने हैं. लोकसभा में जहां सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा और पारित कराने का प्रयास किया जाएगा, वहीं राज्यसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विकास संशोधन विधेयक, 2026 पर विचार और पारित कराने का कार्यक्रम निर्धारित है. लोकसभा में शहरी कार्य तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालयों से संबंधित दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाएंगे. इसके अलावा विदेश मामलों से संबंधित संसदीय स्थायी समिति की दो महत्वपूर्ण रिपोर्ट भी पेश की जाएंगी. इनमें भारत की आर्कटिक और अंटार्कटिक क्षेत्रों में भूमिका एवं उपस्थिति पर रिपोर्ट तथा भारत-बांग्लादेश संबंधों के भविष्य से जुड़ी समिति की सिफारिशों पर सरकार द्वारा की गई कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट शामिल हैं.
दिन के आगे के कार्य में नियम 377 के तहत सदस्यों द्वारा विभिन्न मुद्दे उठाए जाएंगे. इसके बाद सांसद सौगत राय, एनके. प्रेमचंद्रन और डीन कुरियाकोस द्वारा लाए गए उस प्रस्ताव पर चर्चा होगी, जिसमें सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन अध्यादेश, 2026 को अस्वीकार करने की मांग की गई है. इसके बाद सरकार सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) अधिनियम, 1956 में संशोधन के लिए विधेयक को सदन में पारित कराने का प्रयास करेगी. उधर, राज्यसभा में संस्कृति, पृथ्वी विज्ञान, संचार, श्रम एवं रोजगार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश मंत्रालयों से जुड़े मंत्री सदन में आवश्यक दस्तावेज पेश करेंगे. राज्यसभा में भी विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति की वही दो रिपोर्ट रखी जाएंगी. साथ ही केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गजेंद्र सिंह शेखावत संसदीय समितियों की सिफारिशों के क्रियान्वयन पर वक्तव्य देंगे.
राज्यसभा में सबसे महत्वपूर्ण चर्चा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर होने की संभावना है. इस विधेयक का उद्देश्य पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों पर सख्त अंकुश लगाना है. इसके तहत पेपर लीक जैसे अपराधों के लिए कड़ी सजा, अधिक जुर्माना, जांच के लिए विशेष टास्क फोर्स तथा मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतों का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा एमएसएमई विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 पर भी विचार कर उसे पारित कराने की तैयारी है. उल्लेखनीय है कि लोकसभा ने बुधवार को लंबी और तीखी बहस के बाद लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को पारित कर दिया था. परीक्षा सुधार, पेपर लीक और विपक्ष के आरोपों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार नोकझोंक देखने को मिली थी. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के जवाब के बाद विधेयक पारित हुआ और अब इसे मंजूरी के लिए राज्यसभा में पेश किया जाएगा.
Parliament Session Live: भाजपा पर भड़के इमरान मसूद
संसद मानसून सत्र लाइव: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वक्फ के बहाने मुसलमानों को निशाना बना रही है, जबकि उसकी नजर मंदिरों की संपत्तियों पर है. मसूद ने कहा कि अभी द्वारका और राम मंदिर का मुद्दा उठाया गया है, इसके बाद दक्षिण भारत के बड़े मंदिर भी निशाने पर होंगे. राहुल गांधी के बयान पर हुए विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी से डरती है. उनके अनुसार राहुल गांधी ने किसी को इडियट नहीं कहा, फिर भी सरकार ने इस मुद्दे पर अनावश्यक हंगामा खड़ा किया.
Parliament Session Live: संसद के मकर द्वार पर कल्याण बनर्जी और प्रियंका गांधी वाड्रा में क्या हुई बात, बढ़ गया सियासी पारा
संसद मानसून सत्र लाइव: जब सस्पेंड किए गए TMC सांसद कल्याण बनर्जी मकर द्वार के बाहर TMC सांसदों के NCPI में विलय को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे, तब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा उनके पास आईं और कहा कि आप उन्हें कांग्रेस से TMC में ले गए थे. इस पर कल्याण बनर्जी ने जवाब दिया कि ममता बनर्जी को 1997 में कांग्रेस से बाहर निकाल दिया गया था. प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राजीव गांधी ने हमेशा ममता बनर्जी को बढ़ावा दिया. इसपर कल्याण बनर्जी ने सहमति जताई.
Parliament Session Live: राज्यसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक, गुरुवार तक मिले संशोधन प्रस्ताव स्वीकृत
संसद मानसून सत्र लाइव: राज्यसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को गुरुवार को पेश किया जाएगा. सदन की कार्यवाही के दौरान सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन को बताया कि लोकसभा से पारित इस विधेयक पर राज्यसभा में विचार और पारित कराने के लिए कार्य संचालन नियमों के नियम 123 के तहत छूट प्रदान की गई है. इसके अनुरूप अनुपूरक कार्यसूची भी जारी की गई है. ऐसे में गुरुवार दोपहर तक मिले संशोधन प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं. केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह राज्यसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 प्रस्तुत करेंगे. संशोधन विधेयक के तहत त्वरित जांच, विशेष फास्ट-ट्रैक अदालतों के जरिए से त्वरित सुनवाई, अपीलों का समयबद्ध निपटारा व कठोर दंड प्रावधानों की व्यवस्था की गई है.
Parliament Session Live: राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा, फिर वॉकआउट, जेपी नड्डा बोले- यह गैर जिम्मेदाराना व्यवहार
संसद मानसून सत्र लाइव: संसद की कार्रवाई गुरुवार को ज्यों ही शुरू हुई, विपक्ष ने हंगामा करना शुरू कर दिया. इस वजह से लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा. आज ही राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल भी पेश किया जाना है, लेकिन संसद के ऊपरी सदन में भी विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा करना जारी रखा. बाद में विपक्षी सदस्य वाकआउट कर गए. वहीं, जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार हर विषय पर बहस को तैयार है. साथ ही विपक्ष के रवैये को उन्होंने गैर जिम्मेदाराना बताया.
Parliament Session Live: संसद की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
संसद मानसून सत्र लाइव: संसद की कार्यवाही गुरुवार को शुरू होते ही लोकसभा की कार्यवाही दोपहर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. दूसरी तरफ राज्यसभा की कार्यवाही भी शुरू हो चुकी है. राज्यसभा में आज एंटी पेपर लीक बिल बहस के लिए पेश किया जाएगा.
Parliament Session Live: चढ़ावा में चोरी की गई, डकैती की गई – प्रमोद तिवारी
संसद मानसून सत्र लाइव: प्रमोद तिवारी ने कहा कि चढ़ावा में चोरी की गई, डकैती की गई. भगवान राम को लूटा गया. भाजपा ने मंदिर नहीं बनवाया कोई कानून लाकर, बल्कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया केंद्र सरकार को कि ट्रस्ट बनाइए और मंदिर बनाइए. मंदिर के नाम पे उन्होंने लूट लिया. कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ‘दो करोड़ की जमीन दो घंटे बाद 17 करोड़ में खरीदी. बिल्कुल ठीक कहा कि लाठियों का जवाब देने के लिए, कीलों का जवाब देने के लिए, बुलेट फायर का जवाब देने के लिए गृह मंत्री को आना चाहिए. राहुल गांधी ने तो उनका इस्तीफा भी मांगा है। उन्होंने अपने दायित्व का निर्वाह किया है. देना तो पड़ेगा आज दो या कल जो इथेनॉल भरा E20 का प्रयोग कर रहे हैं. वो कह रहे हैं माइलेज कम हुआ. 2 लीटर 1 लीटर में 2 किलोमीटर, 3 किलोमीटर, 4 किलोमीटर. इंजन में खराबी आ रही और पार्लियामेंट में जवाब आ रहा है. सिर्फ इसलिए कि मंत्रियों के वेस्टेड इंटरेस्ट हैं. मंत्रियों के आर्थिक लाभ से जुड़ा है इथेनॉल. इसलिए देश की जनता पर यह लादा जा रहा है. गुमराह किया जा रहा है.’
Parliament Session Live: पेपर लीक करने वाले कैंसर को समाप्त करना होगा: आनंद दुबे
संसद मानसून सत्र लाइव: शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि पेपर लीक एक गंभीर समस्या है, जिससे देश के होनहार छात्रों को जूझना पड़ रहा है. दो साल की कड़ी मेहनत के बाद जब कोई छात्र परीक्षा देने के लिए पूरी तरह तैयार होता है और चार दिन पहले पता चलता है कि पेपर लीक हो गया है, तो उसका भरोसा टूट जाता है. दुबे ने कहा कि पेपर लीक करने वाले इस कैंसर को समाप्त करना होगा. उन्होंने संसद की कार्यवाही पर भी बात की और कहा कि यह तभी सही ढंग से चलेगा, जब पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे की बात सुनेंगे. यह विवाद का समय नहीं, संवाद का समय है. जब सत्र समाप्त हो जाएगा, तब जितना विवाद और कटाक्ष करना हो, कर सकते हैं. आनंद दुबे ने कहा कि जिन भी राज्यों में पेपर लीक की खबरें सामने आई हैं, वहां आंदोलन होना चाहिए। पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाने की जरूरत है. पेपर लीक होता है तो मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को जवाब देना ही होगा. उन्होंने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि दो चश्मों से नहीं, एक चश्मे से देखना होगा. पेपर लीक करने वाले देशद्रोही हैं, उन्हें किसी भी राज्य में जगह नहीं मिलनी चाहिए.
Parliament Session Live: राहुल गांधी के संबोधन को बाधित करने के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
संसद मानसून सत्र लाइव: मानसून सत्र के 9वें दिन भी संसद में हंगामे के आसार हैं. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस सरकार पर हमलावर है. इसी क्रम में संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस के सांसद संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे. जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के सभी सांसद राहुल गांधी के संबोधन का मुद्दा उठाते हुए सुबह 10.30 बजे मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे. हालांकि, इससे पहले, सुबह 10 बजे ‘इंडिया’ ब्लॉक के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई गई है. संसद में बुधवार को राहुल गांधी के संबोधन को दौरान हंगामा हुआ. एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान उन्होंने संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया था. अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ शब्दों का इस्तेमाल किया. इस पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई. बाद में राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए छात्रों पर फायरिंग के आरोप लगाए थे.
Parliament Session Live: राहुल गांधी ने संसद को गुमराह किया और छात्रों का अपमान किया: भाजपा
संसद मानसून सत्र लाइव: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में हाल ही में पारित परीक्षा प्रश्नपत्र लीक रोधी कानून पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर तीखा हमला बोला. भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने संसद और देश को गुमराह करने, तथ्यात्मक रूप से गलत बातें कहने और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने का काम किया. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने परीक्षा प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए बनाए गए नए और सख्त कानून का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा कि नए कानून के तहत पेपर लीक गिरोहों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है. संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने संसद में चर्चा के दौरान बार-बार अपने तर्क बदले और छात्रों से जुड़े किसी भी गंभीर मुद्दे को प्रभावी ढंग से नहीं उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने यह गलत दावा किया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर सुरक्षा बलों ने गोली चलाई और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऐसा करने का आदेश दिया. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसी कोई गोलीबारी नहीं हुई. उन्होंने स्पष्ट किया कि भीड़ नियंत्रण से जुड़े फैसले स्थानीय मजिस्ट्रेट परिस्थितियों के अनुसार लेते हैं, न कि केंद्रीय गृह मंत्री.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



