Image Slider

  • 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन को लेकर संजय कुमार प्रथम के नेतृत्व में विभाग पूरी तरह अलर्ट, दुहाई-डासना टोल सहित दिल्ली बॉर्डर पर कड़ी चेकिंग
  • श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि, कांवड़ मार्ग की सभी शराब दुकानों को 29 जुलाई तक पर्दों से ढकने के निर्देश, नियम तोडऩे वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
  • मुखबिर तंत्र से लेकर फील्ड निरीक्षण तक मजबूत रणनीति, बिना पीओएस स्कैन बिक्री, ओवररेटिंग और अवैध शराब पर जीरो टॉलरेंस नीति
  • मनोज शर्मा, कीर्ति सिंह, चमन सिंह सहित सभी आबकारी निरीक्षकों की टीमें फील्ड में सक्रिय, हर गतिविधि पर रखी जा रही पैनी नजर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे पवित्र सावन मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप संपन्न कराने के लिए गाजियाबाद का आबकारी विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के नेतृत्व में विभाग ने अवैध शराब के कारोबार, ओवररेटिंग और बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलेभर में व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। हाईवे, दिल्ली बॉर्डर, टोल प्लाजा और कांवड़ मार्गों पर चौबीसों घंटे सघन चेकिंग के साथ-साथ लाइसेंसी शराब दुकानों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग की सक्रिय कार्यशैली यह संकेत दे रही है कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान नियमों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ रोड, जीटी रोड, पाइपलाइन मार्ग और एनएच-24 से लाखों शिवभक्त गुजरते हैं। श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए आबकारी विभाग

ने इन मार्गों पर स्थित जिले की लगभग 170 लाइसेंसी शराब दुकानों को 29 जुलाई तक पर्दों से ढकने के निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का दृश्य श्रद्धालुओं की आस्था को प्रभावित न करे। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी आबकारी निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक दुकान पर शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। कहीं भी लापरवाही मिलने पर संबंधित लाइसेंसधारी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीमों द्वारा लगातार दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक, रिकॉर्ड और बिक्री व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।

दुहाई-डासना टोल, दिल्ली बॉर्डर और हाईवे पर 24 घंटे चेकिंग, तस्करों की हर चाल पर आबकारी विभाग की पैनी नजर अवैध शराब की तस्करी रोकना इस अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से दुहाई टोल, डासना टोल, दिल्ली बॉर्डर सहित जिले के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। आबकारी विभाग की टीमें पुलिस के सहयोग से दिन-रात वाहनों की जांच कर रही हैं ताकि किसी भी अवैध शराब की खेप को जिले में प्रवेश करने से पहले ही पकड़ा जा सके। आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा, कीर्ति सिंह, चमन सिंह, अखिलेश कुमार, अनुज वर्मा, चन्द्रजीत सिंह और दिनेश सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ लगातार हाईवे, संवेदनशील क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में भ्रमण कर रहे हैं। इसके साथ ही विभाग का मुखबिर तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है, जिससे अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

ओवररेटिंग, बिना पीओएस बिक्री और नियम उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस, श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि
आबकारी विभाग ने सभी शराब विक्रेताओं को सख्त चेतावनी जारी की है कि प्रत्येक बिक्री केवल पीओएस मशीन के माध्यम से ही की जाएगी। बिना स्कैन के शराब बेचने पर संबंधित विक्रेता और लाइसेंसधारी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। इसके अलावा यदि किसी दुकान पर एमआरपी से एक रुपये भी अधिक कीमत वसूली गई तो लाइसेंस निरस्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी शराब दुकान के बाहर कोई व्यक्ति शराब का सेवन करते हुए पाया जाता है तो केवल उस व्यक्ति के विरुद्ध ही नहीं, बल्कि संबंधित दुकान संचालक और विक्रेता की भी जवाबदेही तय की जाएगी। इसका उद्देश्य दुकानों के आसपास अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था और सामाजिक समरसता का महापर्व है। ऐसे में आबकारी विभाग की पहली जिम्मेदारी श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना और शासन के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराना है। उन्होंने कहा कि विभाग की सभी टीमें पूरी निष्ठा, सतर्कता और जवाबदेही के साथ फील्ड में कार्य कर रही हैं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा से पहले आबकारी विभाग की यह व्यापक तैयारी, लगातार फील्ड निरीक्षण, हाईवे पर सघन चेकिंग, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और शराब दुकानों पर बढ़ी निगरानी यह दर्शाती है कि इस बार विभाग ने अवैध शराब, तस्करी और अनियमितताओं के खिलाफ निर्णायक अभियान छेड़ दिया है। विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं की आस्था अक्षुण्ण रहे, कानून का पूर्ण पालन हो और गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था, कानून-व्यवस्था और शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराना आबकारी विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद की सभी आबकारी टीमें 24 घंटे फील्ड में सक्रिय हैं और हाईवे, दिल्ली बॉर्डर, टोल प्लाजा तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

संजय कुमार प्रथम
जिला आबकारी अधिकारी

कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी लाइसेंसी शराब दुकानों को समयबद्ध तरीके से पर्दों से ढकने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही सभी लाइसेंसधारियों को पीओएस मशीन से ही बिक्री करने, एमआरपी से अधिक मूल्य न लेने तथा दुकानों के आसपास किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हमारा उद्देश्य है कि अवैध शराब, ओवररेटिंग और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए पूरे जनपद में सुरक्षित, व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण कांवड़ यात्रा सुनिश्चित की जाए।
संजय कुमार प्रथम
जिला आबकारी अधिकारी

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||