Image Slider

-स्पर्श सोसाइटी और भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त शिविर में 29 लाभार्थियों को मिले नि:शुल्क सहायक उपकरण
-कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने किया शिविर का शुभारंभ, स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से भी लोगों को मिला लाभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली स्थित स्पर्श सोसाइटी ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए रविवार को सेक्टर-4 वैशाली में रविवार काे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। इस सेवा शिविर में जरूरतमंदों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि समाज के दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पर्श सोसाइटी के इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ समाज में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान 29 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सहायक उपकरण नि:शुल्क वितरित किए गए। लाभार्थियों ने संस्था और सरकार के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे उपकरण उनके दैनिक जीवन को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाएंगे। शिविर में सहायक उपकरण वितरण के साथ-साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हड्डियों में कैल्शियम की जांच, फेफड़ों की जांच, नेत्र परीक्षण तथा दंत परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने लाभार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए और नियमित जांच कराने की सलाह दी। स्पर्श सोसाइटी के प्रभारी डॉ. सचिन भार्गव ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल एक दिन का शिविर आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों तक लगातार सहायता पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि संस्था का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कोई भी दिव्यांगजन अथवा वरिष्ठ नागरिक संस्था की हेल्पलाइन 8010247247 पर संपर्क कर अपना नि:शुल्क पंजीकरण करा सकता है। पंजीकरण के बाद पात्र लाभार्थियों को आगामी शिविरों में आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में पार्षद मनोज गोयल, पार्षद गौरव सोलंकी, डॉ. अरुण गुप्ता, विवेक भार्गव, अशोक शर्मा, श्रीमती सदफ निजामी, डॉ. वंदना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

सभी ने इस पहल को समाज के कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। यह आयोजन केवल सहायक उपकरण वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना का एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया। इससे दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को यह विश्वास मिला कि समाज और शासन उनके साथ खड़े हैं तथा उनके जीवन को अधिक सम्मानपूर्ण और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||