-प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कांवड़ यात्रा की हर व्यवस्था समय से पूरी करने पर जोर
-पांच प्रमुख शिवालयों पर तैनात होंगे सेक्टर मजिस्ट्रेट, सुरक्षा, सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
-प्लास्टिक मुक्त कांवड़ यात्रा, असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर; वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। रविवार को प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री तथा गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास भवन सभागार में जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रभारी मंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में कांवडिय़ों पर लाठियां बरसती थीं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में शिवभक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाता है। हमारी सरकार सनातन आस्था के सम्मान और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में धार्मिक आयोजनों के प्रति सरकार का दृष्टिकोण सम्मान और सेवा का है, इसलिए प्रत्येक विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि जनपद के पांच प्रमुख शिवालयों पर पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, जो अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन की निरंतर निगरानी करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं यात्रा शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि लाखों कांवडिय़ों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों और माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
धर्मपाल सिंह ने इस वर्ष कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने नगर निगम, नगर निकायों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित सफाई, कूड़ा उठान और सैनिटाइजेशन का कार्य लगातार जारी रखा जाए। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग को सभी प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त संख्या में चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। पेयजल विभाग को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा नगर निगम को शौचालयों और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं कांवड़ यात्रा की तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं और शासन का स्पष्ट निर्देश है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और छोटी से छोटी समस्या का भी तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, एमएलसी दिनेश गोयल, विधायक संजीव शर्मा, डॉ. मंजू सिवाच, अजीत पाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल गुर्जर, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़, एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरन नैय्यर, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास भवन परिसर में पिलखन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। प्रभारी मंत्री ने अंत में कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल कांवड़ यात्रा का आयोजन कराना नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण तैयार करना है जिसमें प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित, सम्मानजनक और सुव्यवस्थित माहौल में अपनी यात्रा पूर्ण कर सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी जिम्मेदारी, समन्वय और सतर्कता के साथ कार्य करें ताकि गाजियाबाद जनपद प्रदेश में बेहतर व्यवस्थाओं का उदाहरण बन सके।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



