Image Slider




संवाद न्यूज एजेंसी


नगीना। नगीना कस्बे में लंबे समय से गहराए पेयजल संकट को लेकर क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर मामन खान ने सोमवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित मोहल्लों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के एसडीओ सुरेंद्र कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ विभिन्न इलाकों का दौरा कर जलापूर्ति व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अस्थल के आसपास की बस्ती के लोगों ने बताया कि पिछले दो महीनों से उनके घरों में पानी की सप्लाई नहीं हुई है। वहीं चौधरी अकबर के पुत्र राशिद के मोहल्ले में पिछले छह महीनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। खटीक मोहल्ले के लोगों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से नियमित पेयजल आपूर्ति से वंचित हैं। जांच में यह भी सामने आया कि विभाग की लापरवाही के कारण कई गलियों को मुख्य पाइपलाइन से जोड़ा ही नहीं गया।

दौरे के दौरान एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने विधायक के सामने पानी की समस्या को लेकर अपनी व्यथा सुनाई और बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वह पानी का टैंकर भी नहीं खरीद सकतीं। इस पर विधायक ने कहा कि यह केवल पानी का नहीं, बल्कि लोगों के सम्मान और जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। विधायक मामन खान ने मौके से ही जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता शैलेंद्र कुमार से बातचीत कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आई तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पेयजल संकट का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||