Image Slider

-नालों, सीवर, सड़कों और अवैध डेयरियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, अधिकारियों को मौके पर तलब कर कराया समाधान
-जलकल, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने वार्ड 49 और वार्ड 11 में संभाला मोर्चा, दिनभर चला विशेष अभियान
-रहवासियों ने भी निभाई जिम्मेदारी, अतिक्रमण स्वयं हटाकर सफाई अभियान में दिया निगम का साथ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की जनसुनवाई इस बार केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं रही, बल्कि शिकायतों के तत्काल समाधान का उदाहरण भी बन गई। सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नंदग्राम क्षेत्र के वार्ड संख्या 49 और वार्ड संख्या 11 से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उसी समय अपने कार्यालय में तलब किया और मौके पर जाकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त के निर्देशों के कुछ ही घंटों के भीतर जलकल, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग की संयुक्त टीम नंदग्राम पहुंची, जहां नालों की सफाई, सीवर लाइन की सफाई, सड़कों की मरम्मत और अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विशेष महाअभियान चलाया गया। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त को बताया कि वार्ड संख्या 49 और वार्ड संख्या 11 के विभिन्न ब्लॉकों में लंबे समय से नालों की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर सीवर लाइनें चोक होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित डेयरियों के कारण गंदगी, दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी लगातार बढ़ रही हैं।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्यालय में बुलाया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का मौके पर जाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पूरे क्षेत्र के नालों की व्यापक सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं जलकल विभाग को आधुनिक मशीनों और उपकरणों की मदद से सभी सीवर लाइनों की सफाई कराने तथा जहां आवश्यकता हो वहां पंपिंग व्यवस्था को तत्काल सुचारु करने के आदेश दिए। निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए तथा जहां जल निकासी की समस्या हो, वहां ढलान को ध्यान में रखते हुए सड़क का स्तर निर्धारित किया जाए ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ चरणबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

नगर आयुक्त के आदेश के बाद जलकल, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर वार्ड संख्या 49 और वार्ड संख्या 11 के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य शुरू कर दिया। नालों की दोबारा सफाई कराई गई, सीवर लाइनों की मशीनों से सफाई कराई गई और मुख्य पंपिंग स्टेशन को तत्काल प्रभाव से चालू कराया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि प्रतिदिन नियमित रूप से सफाई और निगरानी सुनिश्चित की जाए। नगर आयुक्त ने व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को सौंपी। उन्हें निर्देश दिए गए कि संबंधित विभागों के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी क्षेत्र में दोबारा समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि नागरिकों को स्थायी राहत मिल सके। इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम की टीम का पूरा सहयोग किया।

श्रवण गुप्ता (आर ब्लॉक), अनुज ठाकुर (एफ ब्लॉक), पूजा मल्होत्रा (सी ब्लॉक) सहित कई स्थानीय निवासी मौके पर मौजूद रहे और सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। कई स्थानों पर लोगों ने स्वेच्छा से अपने सामने किए गए अतिक्रमण को हटाया और सफाई कार्य में निगम कर्मचारियों का सहयोग किया। इससे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिली। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि  ‘नगर निगम की प्राथमिकता केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों को राहत देना है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि नंदग्राम क्षेत्र में सफाई, सीवर, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर लगातार अभियान चलाया जाए। जहां भी समस्या मिले, उसका तत्काल समाधान किया जाए।

जनसहभागिता से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त की इस त्वरित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उनकी शिकायतों पर इतनी तेजी से कार्रवाई हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि इसी प्रकार नियमित निगरानी और अभियान जारी रहे तो नंदग्राम क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। नगर निगम ने भी स्पष्ट किया है कि शहर के सभी वार्डों में जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का इसी प्रकार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||