Image Slider

नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड की टीमें 14 जुलाई से वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी. टी20 सीरीज में शर्मनाक क्लीन स्वीप झेलने के बाद भारत की नजरें वनडे सीरीज जीतकर हिसाब बराबर करने पर हैं. बर्मिंघम में पहला मुकाबला खेला जाएगा. इससे पहले टीम इंडिया में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं. तेज गेंदबाज हर्षित राणा, जो हाल ही में फिट होकर टीम में लौटे थे, वह फिर चोट के चलते टीम से बाहर हो गए हैं. BCCI ने अपडेट देते हुए बताया कि हर्षित राणा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह प्रिंस यादव को शामिल किया गया है. एक अन्य बदलाव में रवि बिश्नोई को मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की जगह बुलाया गया है.

हर्षित राणा फिर हुए चोटिल
हर्षित राणा इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 में दाहिने हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ होने की बात कही थी. स्कैन में पता चला कि उन्हें ग्रेड 1 हैमस्ट्रिंग चोट है. इस वजह से उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया. राणा आगे की जांच और प्रबंधन के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) को रिपोर्ट करेंगे.

प्रिंस यादव ने किया है प्रभावित
प्रिंस यादव आईपीएल 2026 में अपनी कमाल की गेंदबाजी से सुर्खियों में आए थे, जिसके बाद उन्हें भारतीय टीम से बुलावा आ गया और अफगानिस्तान के खिलाफ जून में उन्हें वनडे डेब्यू का मौका मिला. इसके बाद उन्हें आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भी डेब्यू कर लिया. अब प्रिंस को इंग्लैंड से वनडे सीरीज के लिए भी टीम में जगह मिल गई है. उनकी कोशिश आगामी सीरीज में धमाल मचाने की होगी. प्रिंस दो वनडे में तीन और चार टी20 में 5 विकेट अब तक चटका चुके हैं.

दूसरी ओर, दाएं हाथ के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में बाएं हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ होने की बात कही थी. एमआरआई स्कैन में उन्हें ग्रेड 2 हैमस्ट्रिंग चोट का पता चला. डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है. वरुण अब बीसीसीआई सीओई को रिपोर्ट करेंगे. जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज के लिए वरुण चक्रवर्ती की जगह दाएं हाथ के स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है.

इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव.

जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||