‘मीटू’ आंदोलन के दौरान गंभीर आरोपों में घिरने के बाद हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है. कभी फिल्मों में बेहद संस्कारी किरदार निभाने वाले एक्टर अब गुमनामी के अंधेरे में जी रहे हैं. एक करीबी दोस्त ने खुलासा किया कि इन आरोपों का एक्टर पर इतना गहरा असर पड़ा कि उन्होंने खुद को घर में कैद कर लिया है. वह अब किसी से मिलते-जुलते नहीं हैं और फिल्मों के ऑफर्स भी ठुकरा रहे हैं. खुद को बदलने के लिए उन्होंने अब अध्यात्म का रास्ता चुन लिया है.
नई दिल्ली. दिग्गज एक्टर आलोक नाथ को बॉलीवुड का ‘संस्कारी बाबूजी’ कहा जाता है. लेकिन साल 2018 में वह तब विवादों में आ गए, जब ‘मीटू’ आंदोलन के दौरान कई महिलाओं ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे. तब से लेकर आज तक, आलोक नाथ शायद ही कभी सार्वजनिक रूप से नजर आए हैं. अब करीबी दोस्त और एक्टर राजेश पुरी ने बताया कि इन दिनों आलोक नाथ कहां हैं और क्या कर रहे हैं.
राजेश पुरी ने बताया कि इन आरोपों का आलोक नाथ पर बहुत गहरा असर पड़ा और इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें पूरी तरह से बदल कर रख दिया. राजेश पुरी ने खुलासा किया कि अब आलोक नाथ फिल्म इंडस्ट्री से पूरी तरह दूरी बना ली है. उन्होंने बताया कि आलोक नाथ अब बेहद शांत और गुमनामी की जिंदगी जी रहे हैं और अपने घर से बाहर भी बहुत कम निकलते हैं.
मनी कंट्रोल के मुताबिक, एक्टर राजेश पुरी ने कहा, ‘जब आलोक नाथ पर मीटू के आरोप लगे, तो हर कोई हैरान रह गया था क्योंकि उन्हें एक संस्कारी एक्टर के रूप में जाना जाता था. इन आरोपों के बाद उन्होंने खुद को सबसे अलग-थलग कर लिया. वह इंडस्ट्री से लगभग गायब हो चुके हैं और अब ज्यादातर समय अपने घर पर ही रहते हैं.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
राजेश पुरी ने यह माना कि उनके पुराने दोस्त आलोक नाथ से गलतियां हुई होंगी. इसके बावजूद उनका कहना है कि वह आज भी आलोक को दिल का साफ और एक अच्छा इंसान मानते हैं, राजेश ने कहा, ‘आलोक बेहद साफ दिल के इंसान हैं. अब वह पूरी तरह बदल चुके हैं, यहां तक कि उन्होंने अब शराब पीना भी छोड़ दिया है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘वह बहुत ही प्यारे इंसान हैं, लेकिन उनके साथ दो दिक्कतें थीं. पहली यह कि वह अपनी मर्जी के खिलाफ कुछ भी बर्दाश्त नहीं कर पाते थे और दूसरी उनकी शराब की आदत. वह बहुत शराब पीते थे, जिसने उन्हें काफी नुकसान पहुंचाया.’ राजेश ने आगे बताया कि उन्होंने अपने लंबे करियर में आलोक नाथ के साथ कई आउटडोर शूटिंग कीं, लेकिन कभी भी उन्हें किसी के साथ बदतमीजी करते नहीं देखा.
राजेश पुरी ने यह भी माना कि शराब पीने के बाद आलोक का व्यवहार एकदम बदल जाता था और वह काफी आक्रामक और बेकाबू हो जाते थे. राजेश के मुताबिक, आलोक नाथ ने अब एक्टिंग से पूरी तरह तौबा कर ली है और वह किसी से मिलते-जुलते भी नहीं हैं. उन्होंने बताया कि कई बार बुलाने के बावजूद आलोक अब उनके घर भी आने से हिचकिचाते हैं.
राजेश ने आगे बताया, ‘मैं अक्सर उनसे कहता हूं कि घर आओ, चलो हमारे फार्महाउस पर मिलते हैं, लेकिन वह सीधे-सीधे बात टाल जाते हैं. कभी-कभी फोन पर तो बहुत अच्छे से बात करते हैं, पर अक्सर उन्हें खुद भी यह अहसास होता है कि एक अच्छा हुनर बेकार जा रहा है. वह अब फिल्मों के ऑफर्स भी स्वीकार नहीं करते और कह देते हैं कि वह घर से ही कुछ काम कर रहे हैं. वैसे मुझे नहीं लगता कि वह इस वक्त कुछ खास काम कर रहे हैं, क्योंकि वह अंदर से बहुत टूट चुके हैं.’
राजेश ने यह भी बताया कि पिछले कुछ सालों में आलोक नाथ का झुकाव अध्यात्म की तरफ काफी बढ़ गया है और वह अपनी जिंदगी के इस दौर में मानसिक शांति की तलाश कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘जो कुछ भी हुआ, सो हुआ. बिना आग के तो धुआं उठता नहीं है. उन्हें अपनी कुछ चीजों का पछतावा भी है और जो कुछ भी हुआ वह अच्छा नहीं था. अब वह किसी का सामना नहीं करना चाहते. हम दोनों एक ही गुरु को मानते हैं और आलोक भी अब उनकी शरण में आ गए हैं. वह गुरु के मार्गदर्शन में तो चल रहे हैं, लेकिन जब सत्संग होता है, तब भी वहां भी आने से बचते हैं.’
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



