-जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की सख्ती से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप, लगातार चल रहा अभियान
-दादरी और दनकौर में दो तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद
-ढाबों, कैफे और शराब दुकानों की गुप्त जांच तेज, राजस्व सुरक्षा और नियमों के पालन पर आबकारी विभाग का फोकस
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया है। दिन के साथ-साथ अब रात के समय भी विशेष अभियान चलाकर शराब तस्करों और अवैध बिक्री करने वालों पर नजर रखी जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। जिला आबकारी अधिकारी की सख्त कार्यशैली और विभागीय अनुशासन के चलते जिले में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभाग की टीमें जहां एक ओर तस्करों की धरपकड़ कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर लाइसेंसी शराब दुकानों, मॉडल शॉप, बार और अन्य अनुज्ञापनों की भी गोपनीय तरीके से जांच की जा रही है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके। गुरुवार रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय और थाना दादरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्कर हरीश पुत्र पतराम को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से इंडियन टाइगर ब्रांड देशी शराब मसाला उत्तर प्रदेश मार्का के 45 पव्वे बरामद किए गए। बरामद शराब की कुल मात्रा 9 बल्क लीटर पाई गई। टीम ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना दनकौर पुलिस की संयुक्त टीम ने भी अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष पुत्र रामकिशन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मिस इंडिया ब्रांड देशी शराब मसाला उत्तर प्रदेश मार्का के 29 पव्वे बरामद किए गए। बरामद शराब की कुल मात्रा 5.80 बल्क लीटर रही। आबकारी विभाग की टीमों ने केवल तस्करों के खिलाफ ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले ढाबों, कैफे और रेस्टोरेंट पर भी निगरानी बढ़ा दी है। आबकारी निरीक्षक संजय चंद्र की टीम ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत सोरखा सेक्टर-115 स्थित क्रिकेट ग्राउंड के आसपास संचालित फुर्सत के पल, रसोइया, पफ एंड स्पाई कैफे एंड रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब बरामद नहीं हुई। इसके अलावा आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, दीनेन्द्र सिंह और अभिनव शाही की टीमों ने जनपद में संचालित देशी शराब, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप और बार अनुज्ञापनों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान शराब बिक्री की प्रक्रिया, पॉश मशीन से बिक्री, स्टॉक रजिस्टर और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई।
जांच के दौरान अनुज्ञापियों और विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शराब दुकानों पर ब्रांडवार शराब का व्यवस्थित प्रदर्शन किया जाए। दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे रियल टाइम में संचालित रहें और प्रत्येक बिक्री पॉश मशीन के माध्यम से ही की जाए। विभाग द्वारा कई स्थानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराया गया, ताकि वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की टीमें लगातार दिन-रात अभियान चलाकर तस्करों, अवैध बिक्री करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले अनुज्ञापियों पर नजर रख रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल अपराधियों पर शिकंजा कसना नहीं, बल्कि जनपद में सुरक्षित और नियमों के अनुरूप शराब बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस ढाबों या अन्य स्थानों पर शराब पिलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। ऐसे लोगों के कारण न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है, बल्कि अवैध शराब बिक्री को भी बढ़ावा मिलता है। आबकारी विभाग की प्राथमिकता है कि जनपद में अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जाए और शासन के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था कायम रखी जाए। जिला आबकारी अधिकारी की निगरानी में लगातार चल रहे इस अभियान से जहां अवैध शराब कारोबारियों पर दबाव बढ़ा है, वहीं लाइसेंसी दुकानदारों में भी नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ी है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||





